सेक्टर-77 में नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 40 करोड़ की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

0 25

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-77 में ग्राम सोरखा की करीब 4200 वर्ग मीटर जमीन से अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त करा दिया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये बताई गई है।

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 7 सितंबर 2026 को वर्क सर्किल-6 की टीम ने सेक्टर-77 स्थित ग्राम सोरखा के खसरा संख्या-18 पर कार्रवाई की। टीम ने मौके पर किए गए अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।

मास्टर ग्रीन के लिए आरक्षित थी जमीन

यह भूमि मास्टर ग्रीन के लिए आरक्षित और निर्धारित है। प्राधिकरण के मुताबिक, अतिक्रमणकर्ताओं ने इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया था।

मामले में अतिक्रमणकर्ताओं की ओर से माननीय न्यायालय में वाद संख्या 758/2025 दाखिल किया गया था। इसके जरिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से किए जा रहे निर्माण और विकास कार्यों में हस्तक्षेप के खिलाफ राहत हासिल करने का प्रयास किया गया था। हालांकि, प्राधिकरण की प्रभावी पैरवी के बाद न्यायालय ने निषेधाज्ञा को निरस्त कर दिया।

अवैध निर्माण तोड़कर जमीन कराई गई कब्जामुक्त

न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

मास्टर ग्रीन विकसित करने की योजना पर काम

प्राधिकरण की ओर से इस जमीन पर मास्टर ग्रीन विकसित किए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में हरित क्षेत्र का विस्तार होने के साथ नागरिकों को बेहतर पर्यावरणीय सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अथवा प्राधिकरण की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.