त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, AC कोच में मची अफरा-तफरी; 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए

0 19

कोटा: त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कोटा मंडल के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक आग राजधानी एक्सप्रेस के कोच नंबर B-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम तुरंत हरकत में आ गई।

15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सबसे पहले गार्ड ने आग लगने की सूचना लोको पायलट को दी। उस समय कोच में 68 यात्री मौजूद थे। सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया।

बताया जा रहा है कि आग कुछ ही मिनटों में तेजी से पूरे कोच में फैल गई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी को चोट नहीं आई।

दिल्ली-मुंबई रेल ट्रैक पर रोका गया यातायात

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया। कोटा जंक्शन पर भी हूटर बजाकर आपात स्थिति की जानकारी दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके के लिए रवाना हुए।

रेलवे अधिकारी फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दोनों कोच ट्रेन से अलग किए गए

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन के B-1 और एसएलआर कोच में आग लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल और राहत दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया है। सभी यात्रियों को दूसरी ट्रेन में शिफ्ट कर सुरक्षित रवाना किया गया।

रतलाम से कोटा आते समय हुआ हादसा

यह हादसा उस समय हुआ जब त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस रतलाम से रवाना होकर कोटा की ओर आ रही थी। कोटा पहुंचने से पहले ही लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच ट्रेन में आग लग गई।

गौरतलब है कि राजधानी एक्सप्रेस 12431 केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेन है। यह लगभग 3149 किलोमीटर का सफर करीब 41 घंटे में पूरा करती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.