रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बड़ा सियासी बदलाव, सेरही कोरेत्स्की बने नए प्रधानमंत्री; संसद से मिला भारी समर्थन

0 20

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच चार वर्षों से अधिक समय से जारी युद्ध के बीच यूक्रेन में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। देश की सरकारी ऊर्जा कंपनी के प्रमुख रहे सेरही कोरेत्स्की को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। उन्होंने यूलिया स्विरीडेंको का स्थान लिया है, जिन्होंने वर्ष 2025 से जुलाई 2026 तक प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।

रूस के साथ जारी युद्ध और आर्थिक चुनौतियों के बीच कोरेत्स्की की नियुक्ति को यूक्रेन के लिए अहम फैसला माना जा रहा है। संसद में उनके पक्ष में 289 वोट पड़े, जिसके बाद उनके प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ।

कौन हैं यूक्रेन के नए प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की?

सेरही कोरेत्स्की इससे पहले यूक्रेन की सरकारी ऊर्जा कंपनी ‘नेफ्तोगाज’ के प्रमुख रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वह किसी राजनीतिक दल, संसद या प्रशासनिक सेवा से नहीं आए हैं, बल्कि उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद कारोबारी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई।

कोरेत्स्की को संकट के समय प्रभावी प्रबंधन के लिए जाना जाता है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे कई सरकारी उपक्रमों को दोबारा खड़ा किया और उन्हें घाटे से मुनाफे की स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ऊर्जा क्षेत्र के अलावा वह ईंधन और खाद्य उद्योगों के प्रबंधन में भी काम कर चुके हैं।

युद्ध और आर्थिक संकट के बीच होंगी बड़ी चुनौतियां

नए प्रधानमंत्री के सामने रूस के साथ जारी युद्ध के बीच देश की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा व्यवस्था और संसाधनों को संभालने की बड़ी चुनौती होगी। माना जा रहा है कि केवल प्रबंधन का अनुभव ही नहीं, बल्कि राजनीतिक और कूटनीतिक क्षमता की भी उन्हें कड़ी परीक्षा देनी होगी।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने उन्हें विशेष रूप से आने वाली सर्दियों के दौरान देश की ऊर्जा और आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी है। यूक्रेन इस समय आर्थिक संकट और युद्ध के दोहरे दबाव का सामना कर रहा है।

रूस के हमले लगातार जारी

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अब भी जारी है। हाल ही में रूस ने कीव सहित कई इलाकों पर मिसाइल हमले किए थे, जिनमें 21 लोगों की मौत हुई थी और करीब 80 लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हमलों के कारण यूक्रेन के सामने सुरक्षा और पुनर्निर्माण दोनों बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।

युद्ध के दौरान तीसरे प्रधानमंत्री बने कोरेत्स्की

रूस के साथ युद्ध शुरू होने के बाद सेरही कोरेत्स्की यूक्रेन के तीसरे प्रधानमंत्री बने हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों और विशेषकर सर्दियों के दौरान युद्धकालीन चुनौतियों से निपटने के लिए कोरेत्स्की सबसे उपयुक्त विकल्प हैं।

इससे पहले राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रक्षा मंत्री मिखाइलो फेदोरोव को पद से हटाया था, जिसके बाद संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.