16 साल बाद भारत छोड़ रहीं मंदाना करीमी, बोलीं- ‘कभी नहीं सोचा था कहना पड़ेगा गुडबाय इंडिया’

0 21

मुंबई: अभिनेत्री मंदाना करीमी ने करीब 16 साल भारत में रहने के बाद देश छोड़ने का फैसला कर लिया है। सोशल मीडिया पर किए गए एक भावुक खुलासे में उन्होंने बताया कि वह अब नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रही हैं। इंस्टाग्राम पर आयोजित AMA यानी ‘आस्क मी एनिथिंग’ सेशन के दौरान मंदाना ने अपने इस फैसले की जानकारी साझा की।

दरअसल, एक फैन ने उनसे पूछा था कि क्या उन्होंने हमेशा के लिए मुंबई छोड़ दिया है और क्या उन्हें यह शहर याद आएगा। इस सवाल का जवाब देते हुए मंदाना करीमी ने एयरपोर्ट से एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन उन्हें “गुडबाय इंडिया” कहना पड़ेगा।

मंदाना ने बताया कि यह फैसला उनके लिए बेहद भावुक और कठिन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब सिर्फ एक देश नहीं बल्कि उनकी दूसरी पहचान बन चुका था। करीब 16 साल यहां बिताने के बाद अब वह नए देश, नए घर और नई जिंदगी की ओर कदम बढ़ा रही हैं।

सुरक्षा कारणों से लिया देश छोड़ने का फैसला

इस साल की शुरुआत में दिए एक इंटरव्यू में मंदाना करीमी ने खुलासा किया था कि सुरक्षा कारणों की वजह से उन्होंने भारत छोड़ने का निर्णय लिया है। हालांकि उस दौरान उन्होंने ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि देश छोड़ने के बाद वह इस पूरे मामले पर खुलकर बात करेंगी।

मंदाना के मुताबिक, ईरान के समर्थन में लगातार आवाज उठाना, अधिकारियों से सवाल करना और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार खुलकर रखना उनके लिए मुश्किलें पैदा कर रहा था। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस संघर्ष का सामना कर रही थीं, लेकिन अब उन्हें महसूस होने लगा था कि भारत में रहना उनके लिए सही नहीं है।

धमकियों और निजी जिंदगी पर असर का भी किया जिक्र

अभिनेत्री ने यह भी बताया था कि उनके एक्टिविज्म का असर उनकी निजी जिंदगी पर भी पड़ा। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें जान से मारने की धमकियां मिली हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसा कई बार हुआ है।

मंदाना ने यह भी महसूस किया कि मुश्किल समय में उन्हें दोस्तों, सरकार और मीडिया से उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब भारत उन्हें पहले जैसा अपना घर नहीं लगता, लेकिन ईरान, जावेद शाह और अपने लोगों के लिए वह आगे भी अपनी आवाज उठाने को तैयार हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.