₹6785 करोड़ का मेगा निवेश! जेवर में बनेगा अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स हब, CM योगी ने किया अंबर-ऐसेंट प्लांट का शिलान्यास

0 30

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-10 में अंबर एवं ऐसेंट के अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। करीब 6785 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।

हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, बढ़ेंगे तकनीकी अवसर

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसके साथ ही युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और आधुनिक उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह प्लांट इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगी नई ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण नीति, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण नीति और सेमीकंडक्टर नीति को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास के बाद यह एक और बड़ी उपलब्धि है, जो प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

जेवर बन रहा निवेश और उद्योग का नया केंद्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी पिछड़ेपन की पहचान रखने वाला जेवर अब निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिली है। लगातार मिल रहे निवेश प्रस्तावों ने जेवर को रोजगार और उद्योग का बड़ा केंद्र बना दिया है।

निवेशकों के लिए यूपी बना पहली पसंद

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश अनुकूल माहौल, 36 सेक्टोरल नीतियां, सिंगल विंडो सिस्टम और लगभग 75 हजार एकड़ के लैंड बैंक की वजह से देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। सरकार समयबद्ध स्वीकृतियों और आवश्यक सहयोग के जरिए निवेश प्रक्रिया को सरल बना रही है।

मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में यूपी की मजबूत पकड़

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत उत्पादन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हो रहा है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट का यह संयुक्त निवेश इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

भारत-कोरिया सहयोग को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री ने भारत और कोरिया के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आत्मीय रिश्ते आर्थिक सहयोग को भी नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना दोनों देशों के औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करेगी।

एमएसएमई और स्टार्टअप को भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों को लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। ऐसे निवेश प्रदेश की निर्यात क्षमता बढ़ाने के साथ नए स्टार्टअप और उद्यमिता को भी बढ़ावा देंगे।

केंद्रीय मंत्रियों ने भी जताया भरोसा

केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और केंद्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स नीति के कारण जेवर में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण की मजबूत नींव रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पीसीबी निर्माण इकाई से देश की आयात निर्भरता कम होगी और जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनेगा।

वहीं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश, तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार तथा तकनीकी अवसरों के नए द्वार खोलेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.