हाईस्कूल-इंटरमीडिएट 2026 के मेधावियों का सम्मान, राज्य स्तर पर 8 और जनपद स्तर पर 20 विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार

0 12

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर और जनपद स्तर पर आयोजित सम्मान समारोहों में विद्यार्थियों को नकद प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

लखनऊ के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई और संस्कृत शिक्षा परिषद के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में गौतमबुद्धनगर जनपद के कुल 8 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इन सभी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का सांकेतिक चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया गया। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में भी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

सजीव प्रसारण के बाद जनपद स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में हाईस्कूल परीक्षा-2026 के शीर्ष 10 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के शीर्ष 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी 20 विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21-21 हजार रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.