भारत में रिलीज को तैयार ‘Michael’ बायोपिक: किंग ऑफ पॉप की कहानी बड़े पर्दे पर, जाफर जैक्सन निभा रहे माइकल जैक्सन का किरदार
नई दिल्ली। पॉप म्यूजिक के सबसे बड़े नाम माइकल जैक्सन पर बनी बहुप्रतीक्षित हॉलीवुड बायोपिक ‘Michael’ अब भारत में भी रिलीज होने जा रही है। दुनिया भर में ‘किंग ऑफ पॉप’ के नाम से मशहूर माइकल जैक्सन की जिंदगी पर आधारित यह फिल्म भारतीय सिनेमाघरों में 24 अप्रैल को रिलीज होगी, जिससे फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
भारत में 24 अप्रैल को होगी रिलीज, प्रीव्यू शोज भी शुरू
जानकारी के मुताबिक, फिल्म के पेड प्रीव्यू शोज 24 अप्रैल से पहले ही शाम के समय शुरू किए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक करीब 1 लाख 32 हजार टिकट्स की एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जो फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज को दर्शाता है।
माइकल जैक्सन का किरदार निभा रहे जाफर जैक्सन
इस फिल्म में माइकल जैक्सन की भूमिका उनके भतीजे जाफर जैक्सन निभा रहे हैं। यह उनके करियर की डेब्यू फिल्म भी है, जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। जाफर जैक्सन, माइकल जैक्सन के परिवार से ही जुड़े हैं, जिससे उनकी कास्टिंग को और भी खास माना जा रहा है।
यंग माइकल और अन्य किरदारों में दमदार कास्टिंग
फिल्म में यंग माइकल जैक्सन का किरदार जूलियानो क्रु वाल्डी निभा रहे हैं। वहीं माइकल जैक्सन के पिता जोसेफ जैक्सन की भूमिका कोलमैन डोमिंगो ने निभाई है, जबकि उनकी मां कैथरीन स्क्रूस-जैक्सन का किरदार निया लॉन्ग ने निभाया है।
फैंस में जबरदस्त उत्साह
माइकल जैक्सन की दुनिया भर में मौजूद फैन फॉलोइंग को देखते हुए यह फिल्म पहले से ही सुर्खियों में है। भारत में भी ‘किंग ऑफ पॉप’ के चाहने वाले बड़ी संख्या में हैं, जो लंबे समय से इस बायोपिक का इंतजार कर रहे थे।