MS Dhoni Birthday 2026: धोनी के 5 ऐसे रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना लगभग नामुमकिन; क्रिकेट इतिहास में आज भी कायम है दबदबा
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। अपनी शांत कप्तानी, तेज रणनीति और विकेटकीपिंग कौशल से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जो आज भी बरकरार हैं। उनके नाम दर्ज कई उपलब्धियां ऐसी हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद कठिन माना जाता है।
1. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी
महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को मिलाकर कुल 332 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की। इनमें भारत ने 178 मुकाबले जीते, जबकि 120 में हार मिली। छह मैच टाई और 15 मुकाबले ड्रॉ रहे। उन्होंने 200 वनडे, 72 टी20 और 60 टेस्ट मैचों में टीम की कमान संभाली।
2. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग
विकेट के पीछे अपनी फुर्ती के लिए मशहूर धोनी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक 195 स्टंपिंग का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 538 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह उपलब्धि हासिल की।
3. सबसे तेज स्टंपिंग का रिकॉर्ड
धोनी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे तेज स्टंपिंग का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने वेस्टइंडीज के कीमो पॉल को महज 0.08 सेकेंड में स्टंप कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था।
4. वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नाबाद लौटने वाले बल्लेबाज
महेंद्र सिंह धोनी वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक 84 बार नाबाद पवेलियन लौटने वाले बल्लेबाज हैं। मैच फिनिश करने की उनकी क्षमता ने उन्हें दुनिया के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल किया।
5. तीन अलग-अलग आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान
धोनी अब तक दुनिया के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग आईसीसी खिताब अपने नाम किए। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता।