बीजिंग: चीन में मौसम का कहर लगातार गहराता जा रहा है। मध्य चीन के हुबेई प्रांत में आए भीषण आंधी-तूफान में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम का असर करीब 20 करोड़ लोगों पर पड़ सकता है।
149 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं
सरकारी मीडिया के अनुसार, सोमवार शाम हुबेई प्रांत के हुआंगशी, हुआंगगांग, एझोउ और शियानिंग शहरों में महज चार घंटे के भीतर 149 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तेज तूफान के कारण कई इलाकों में व्यापक नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
कई राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन का अलर्ट
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में मौसम और बिगड़ने की आशंका जताई है। दक्षिण-पूर्वी गुआंग्शी, पूर्वी जिआंगसू और शेडोंग प्रांत में 260 मिलीमीटर तक अत्यधिक बारिश होने का अनुमान है। भारी वर्षा को देखते हुए भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। इसके अलावा पूर्वोत्तर और दक्षिणी चीन के कुछ हिस्सों में बवंडर आने की भी चेतावनी जारी की गई है।
कृषि क्षेत्र पर मंडराया संकट
हुबेई और शेडोंग चीन के प्रमुख कृषि क्षेत्र माने जाते हैं। लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के कारण मक्का, मूंगफली और सब्जियों समेत कई फसलों को बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सुपर टाइफून ‘बावी’ ने बढ़ाई चिंता
चीन के सामने इस समय दोहरी चुनौती खड़ी है। एक ओर देश के कई हिस्से बाढ़, तेज बारिश और आंधी-तूफान की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशांत महासागर से उठ रहा सुपर टाइफून ‘बावी’ तेजी से ताइवान और चीन की ओर बढ़ रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
जलवायु परिवर्तन को बताया जा रहा वजह
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण चरम मौसमी घटनाओं की आवृत्ति और तीव्रता लगातार बढ़ रही है। ऐसे हालात चीन के लिए हर वर्ष बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान और जनजीवन पर गंभीर प्रभाव का कारण बन रहे हैं।