स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दिए सख्त निर्देश; आशा भर्ती, टीकाकरण और संचारी रोग अभियान की समीक्षा

0 13

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, शासी निकाय तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए।

रिक्त आशा पदों पर जल्द भर्ती, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत भर्ती शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त करने पर जोर दिया। साथ ही आशाओं के औसत मासिक मानदेय में वृद्धि के लिए प्रयास करने, लंबित प्रशिक्षण जल्द पूरा कराने और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की रैंकिंग सुधारने पर जोर

आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिन 11 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जल कनेक्शन नहीं है, वहां नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समन्वय से जल्द जलापूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा।

स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं हों पूरी

जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, कार्यशील शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेवर में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित करने के लिए तत्काल प्रस्ताव भेजने तथा जिन प्रथम रेफरल इकाइयों में आवश्यकता है वहां सीजेरियन प्रसव की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

आयुष्मान कार्ड और टीकाकरण पर विशेष फोकस

बैठक में जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई तथा अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान भारत कार्ड बनाने, चिन्हित बच्चों की नियमित निगरानी और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण की समीक्षा करते हुए तीन दिन के भीतर छूटे हुए बच्चों और उनके परिवारों की क्षेत्रवार सूची तैयार कर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने के निर्देश दिए।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान में विभागीय समन्वय पर जोर

विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने प्रथम सप्ताह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को संयुक्त कार्ययोजना बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में जनजागरूकता, स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम, स्रोत नियंत्रण और मच्छरों के प्रजनन स्थलों के उन्मूलन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

समयबद्ध समीक्षा और सही आंकड़े अपलोड करने के निर्देश

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के पोर्टलों पर समयबद्ध एवं शुद्ध आंकड़े अपलोड करने, योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.