DND से जेवर तक बनेगा नया एक्सप्रेस-वे! यमुना पुस्ता किनारे हाईस्पीड कनेक्टिविटी की तैयारी, डीपीआर पर तेज हुई कवायद

0 22

नोएडा: यमुना पुस्ता के किनारे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर को जोड़ने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण सभागार में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसपी) की अध्यक्षता में परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, कंसल्टेंट एजेंसी, नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

DND से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचेगा नया कॉरिडोर

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कंसल्टेंट ने परियोजना की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे को डीएनडी से शुरू कर ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे के चाई-4 बिंदु तक जोड़ा जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना का उद्देश्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र के बीच तेज, सुगम और बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है।

ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की सहमति से तय होगा संरेखण

समीक्षा बैठक में यह भी बताया गया कि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद संरेखण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे का संरेखण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सहमति से निर्धारित किया जाएगा, जबकि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संरेखण का अंतिम निर्धारण यमुना प्राधिकरण की सहमति के आधार पर किया जाएगा।

हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन ने भी जताई सहमति

बैठक में मौजूद नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने भी प्रस्तावित संरेखण पर अपनी सहमति व्यक्त की। इससे परियोजना की योजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और समन्वय संबंधी पहलुओं पर भी चर्चा की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.