नोएडा-ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में बनेंगे नए मतदान केंद्र! जिला निर्वाचन अधिकारी ने मांगे सुझाव
गौतमबुद्धनगर: आगामी चुनावों को अधिक सुगम और मतदाता-अनुकूल बनाने की दिशा में गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों और सेक्टरों में नए मतदान केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आरडब्ल्यूए (RWA), एओए (AOA) के अध्यक्षों, सचिवों और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाताओं को उनके निवास के निकट मतदान केंद्र उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।
1200 मतदाताओं के मानक पर होगा मतदेय स्थलों का पुनर्गठन
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मौजूदा मतदेय स्थलों का पुनर्गठन और आवश्यकता के अनुसार नए मतदान केंद्रों का चिन्हांकन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हाईराइज सोसायटियों और सेक्टरों में रहने वाले मतदाताओं को घर के नजदीक मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक आसान और व्यवस्थित बन सके।
300 से 1200 मतदाताओं वाले क्षेत्रों में बन सकते हैं नए बूथ
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे हाईराइज आवासीय परिसर और सेक्टर, जहां 300 से 1200 के बीच मतदाता निवास करते हैं और जहां सुरक्षित वातावरण के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां नए मतदेय स्थल स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से इस संबंध में व्यवहारिक और जनहित से जुड़े सुझाव देने की अपील की।
दो दिन के भीतर मांगे गए सुझाव और प्रस्ताव
प्रशासन ने आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से कहा है कि यदि नए मतदान केंद्रों के संबंध में कोई सुझाव या प्रस्ताव हो तो उसे अगले दो दिनों के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से या जिला निर्वाचन कार्यालय की ई-मेल आईडी पर भेजा जा सकता है। प्राप्त सुझावों की जांच के बाद निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
श्रमिक बहुल क्षेत्रों पर भी रहेगा विशेष फोकस
बैठक में यह भी कहा गया कि बहुमंजिली सोसायटियों के आसपास स्थित श्रमिक बहुल क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे क्षेत्रों में भी मतदान केंद्र स्थापित करने के लिए व्यवहारिक सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को निकटतम मतदान केंद्र की सुविधा मिल सके और मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मतदेय स्थलों के नियमों की दी गई जानकारी
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया, 1200 मतदाताओं के मानक, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और मतदान केंद्र निर्धारण से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों और प्रतिनिधियों को दी।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी (सदर न्यायिक) अरुण कुमार, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, ईओ दादरी शालिनी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।