अब टैक्सी ड्राइवर ही होंगे मालिक! गुजरात में आज लॉन्च होगी ‘भारत टैक्सी’, अमित शाह 14 शहरों में देंगे बड़ी सौगात
गांधीनगर: देश में परिवहन क्षेत्र में सहकारिता मॉडल को नई दिशा देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर से देश की पहली सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। दिसंबर 2025 में इस सेवा का सॉफ्ट लॉन्च किया गया था और अब इसे व्यापक स्तर पर शुरू किया जा रहा है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान को मोबिलिटी और परिवहन क्षेत्र तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
गुजरात से जुड़े सबसे ज्यादा सारथी
सहकारिता आंदोलन में अग्रणी राज्यों में शामिल गुजरात ने भारत टैक्सी अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देशभर में इस प्लेटफॉर्म से जुड़े 7 लाख सारथियों में से 1.5 लाख से अधिक गुजरात के हैं। वहीं, देशभर में 37 लाख से ज्यादा ग्राहक अब तक इस सेवा का लाभ ले चुके हैं।
14 बड़े शहरों में एक साथ होगी शुरुआत
भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ राज्य के 14 प्रमुख शहरों में किया जाएगा। इनमें अहमदाबाद, सूरत, द्वारका, वडोदरा, राजकोट, सोमनाथ, वलसाड, आनंद, जामनगर, भावनगर, नडियाद, जूनागढ़, मेहसाणा और अमरेली शामिल हैं। योजना के तहत अगले एक महीने के भीतर पूरे गुजरात में इसकी सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
जीरो कमीशन मॉडल से ड्राइवरों को मिलेगा सीधा फायदा
भारत टैक्सी बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के तहत पंजीकृत संस्था है, जिसकी स्थापना 6 जून 2025 को की गई थी। यह प्लेटफॉर्म जीरो-कमीशन मॉडल पर संचालित होता है, जिससे कमाई का अधिकतम हिस्सा सीधे टैक्सी चालकों तक पहुंचता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य ड्राइवरों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
बीमा, ऋण और पेंशन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी
प्लेटफॉर्म से जुड़े सारथियों को केवल रोजगार ही नहीं बल्कि कई सामाजिक सुरक्षा लाभ भी दिए जाते हैं। इसमें बीमा, ऋण सुविधा, पेंशन योजनाएं और विभिन्न सरकारी सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों का लाभ शामिल है। इससे टैक्सी चालकों को दीर्घकालिक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों को मिलेगा सर्ज-फ्री किराए का लाभ
भारत टैक्सी ग्राहकों के लिए सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल लेकर आई है। यानी मांग बढ़ने पर किराए में अचानक बढ़ोतरी नहीं होगी। इसके अलावा गुजरात पुलिस के सहयोग से यात्रियों की सुरक्षा और भरोसेमंद यात्रा सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। यात्री अपनी जरूरत के अनुसार बाइक, ऑटो और कैब जैसी सेवाओं का चयन कर सकेंगे।
‘सारथी ही मालिक’ मॉडल पर आधारित है प्लेटफॉर्म
भारत टैक्सी को सहकारिता के सिद्धांतों पर विकसित किया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा है। इस मॉडल में टैक्सी चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म के सहभागी और हिस्सेदार भी होते हैं। इससे उन्हें स्वामित्व, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ मिलता है।
कार्यक्रम में जुटेंगे हजारों सारथी
गांधीनगर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी समेत भारत टैक्सी से जुड़े 4,000 से अधिक सारथी शामिल होंगे। कार्यक्रम को राज्य में सहकारिता आधारित परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।