प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में आवेदन का मौका, गौतमबुद्धनगर में 24 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन

0 62

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मत्स्य पालकों और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न परियोजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित इस योजना के तहत जिले में उपलब्ध अवशेष लक्ष्यों के सापेक्ष लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया जाना है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

इन परियोजनाओं के लिए मांगे गए आवेदन

सहायक मत्स्य निरीक्षक गौतमबुद्धनगर हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि योजना के अंतर्गत खारे जल में तालाब निर्माण एवं निवेश के लिए 33.93 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य उपलब्ध है। इसमें सामान्य वर्ग, महिला और अनुसूचित जाति के लाभार्थी शामिल हैं।

इसके अलावा मध्याकार आरएएस की सामान्य वर्ग के लिए 3 इकाइयां और महिला एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रियरिंग यूनिट निर्माण का 22.667 हेक्टेयर लक्ष्य निर्धारित है। महिला वर्ग के लिए बैकयार्ड आरएएस की 241 इकाइयां भी योजना के तहत उपलब्ध हैं।

जलाशयों में मत्स्य अंगुलिका संचय के लिए 65 हजार अंगुलिकाओं का लक्ष्य सामान्य, महिला और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रखा गया है। वहीं पारंपरिक मछुआरों के परिवारों के लिए आजीविका और पोषण संबंधी सहायता परियोजनाओं के तहत 500 इकाइयों का लक्ष्य उपलब्ध है।

विभागीय पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक लाभार्थी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 है। योजना से संबंधित परियोजनाओं का विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया और आवेदन के साथ लगाए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।

वेबसाइट: fisheries.up.gov.in

कार्यालय में भी मिल सकती है जानकारी

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, कक्ष संख्या-305, द्वितीय तल, विकास भवन, गौतमबुद्धनगर में किसी भी कार्य दिवस संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.