पेपर लीक मामला – सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर में 14 जगह छापे मारे, 20 लोगों को नामजद किया

0 326

नई दिल्ली । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने वित्त विभाग में लेखा सहायक के पद के लिए जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित परीक्षा में कथित अनियमितताओं के संबंध में केंद्र शासित प्रदेश में बुधवार को करीब 14 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया और 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) के तत्कालीन सदस्य (जेकेएएस), बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय, पलौरा के तत्कालीन चिकित्सा अधिकारी, निजी व्यक्तियों, निजी कंपनी और अन्य सहित 20 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

जेकेएसएसबी के तत्कालीन सदस्य सहित अभियुक्तों के परिसरों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा जेकेएसएसबी द्वारा 6 मार्च, 2022 को आयोजित की गई थी। परिणाम 21 अप्रैल को घोषित किए गए थे। सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा, “परीक्षा में कदाचार के संबंध में आरोप थे और जम्मू-कश्मीर सरकार ने इसकी जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया। समिति की रिपोर्ट में जेकेएसएसबी के अधिकारियों, बेंगलुरु स्थित निजी कंपनी, ‘लाभार्थी उम्मीदवारों’ और अन्य के बीच कथित साजिश का खुलासा हुआ। परीक्षा के संचालन में घोर धांधली की गई।”

सीबीआई को जांच के दौरान कुछ चुनिंदा हाई प्रोफाइल उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र लीक होने के बारे में पता चला। सीबीआई ने कहा कि बेंगलुरु की एक निजी कंपनी को प्रश्नपत्र तैयार करने का काम सौंपने में जेकेएसएसबी ने नियमों का उल्लंघन किया और जालसाजी भी पाई गई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.