देवगिरी एक्सप्रेस में 1.22 करोड़ कैश के साथ यात्री गिरफ्तार, सिर्फ 5 हजार के लालच में करोड़ों की डिलीवरी का खुलासा
हैदराबाद: मुंबई से हैदराबाद जा रही देवगिरी एक्सप्रेस में उस समय बड़ा खुलासा हुआ जब रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक यात्री के पास से 1.22 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किए। यह पूरा मामला हवाला नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।
बोलारम–मलकाजगिरी रूट पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया संदिग्ध
मामला मंगलवार का है, जब सिकंदराबाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम बोलारम और मलकाजगिरी स्टेशनों के बीच ट्रेनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक 40 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर जाता दिखाई दिया। शक के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की गई, जिसके बाद मामले की परतें खुलने लगीं।
अमरावती का रहने वाला है आरोपी, मुंबई से लेकर आया था कैश
पूछताछ में आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के अमरावती निवासी व्यक्ति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह मुंबई से देवगिरी एक्सप्रेस के जरिए यह रकम लेकर सिकंदराबाद पहुंचा था। आरोपी ने बताया कि उसे यह कैश एक ज्वेलरी कारोबारी ने सौंपा था और उसे केवल सिकंदराबाद के मोंडा मार्केट में इसे पहुंचाना था।
सिर्फ 5 हजार रुपये के लिए करोड़ों की डिलीवरी का खुलासा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे इस पूरे काम के बदले मात्र 5 हजार रुपये मिलने थे। उसका काम सिर्फ इतना था कि वह मुंबई से कैश लेकर सुरक्षित तरीके से तय स्थान तक पहुंचा दे। हालांकि उसके पास न तो कैश से जुड़े कोई दस्तावेज थे और न ही वह रकम के स्रोत का कोई संतोषजनक जवाब दे सका।
हवाला नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका, जांच तेज
पुलिस के अनुसार, बरामद की गई 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये की रकम हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्वेलरी कारोबार की आड़ में यह लेन-देन किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुंबई और हैदराबाद के बीच यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर सक्रिय है।
रेलवे में बढ़ते कैश ट्रांसपोर्ट पर पुलिस अलर्ट
रेलवे पुलिस का कहना है कि हाल के समय में ट्रेनों के जरिए अवैध कैश ट्रांसपोर्ट और हवाला मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। इसी वजह से स्टेशनों और ट्रेनों में चेकिंग अभियान को और सख्त किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।