PDA से आगे अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव, 2027 में सत्ता वापसी के लिए Gen-Z और महिलाओं पर भी नजर

0 16

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति का दायरा बढ़ा दिया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’ जारी कर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ महिलाओं, युवाओं, किसानों और सरकारी कर्मचारियों को भी साधने की कोशिश की है। इस बार सपा के चुनावी एजेंडे में Gen-Z और Alpha पीढ़ी को भी खास जगह दी गई है। पार्टी का लक्ष्य अलग-अलग वर्गों को आर्थिक मदद, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक अधिकारों से जुड़े वादों के जरिए अपने साथ जोड़ना है।

अखिलेश यादव की रणनीति के तहत भाजपा को उन्हीं मुद्दों पर चुनौती देने की कोशिश की गई है, जिनके सहारे पार्टी ने 2017 में उत्तर प्रदेश की सत्ता हासिल की थी। इनमें कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास जैसे मुद्दे शामिल हैं। सपा ने अपने प्रणपत्र में इन क्षेत्रों से जुड़े कई वादे किए हैं, ताकि भाजपा के मजबूत चुनावी समीकरण को चुनौती दी जा सके।

PDA के साथ दलित-पिछड़ों को साधने की रणनीति

समाजवादी पार्टी के चुनावी एजेंडे में PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को प्रमुख स्थान दिया गया है। सरकारी ठेकों में आरक्षण, खाली पड़े बैकलॉग पदों पर भर्ती और जातिगत जनगणना कराने जैसे वादे इसी रणनीति का हिस्सा हैं।

उत्तर प्रदेश में दलित आबादी करीब 21 फीसदी और पिछड़े वर्ग की आबादी लगभग 40 फीसदी मानी जाती है। ऐसे में इन दोनों वर्गों का समर्थन चुनावी नतीजों पर असर डाल सकता है। सपा की कोशिश है कि आबादी के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी देने के वादे के जरिए इन समुदायों का भरोसा हासिल किया जाए।

Gen-Z और Alpha पीढ़ी के लिए रोजगार और शिक्षा का एजेंडा

अखिलेश यादव ने इस बार युवा मतदाताओं को भी खास तौर पर ध्यान में रखा है। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने और एक करोड़ लोगों को रोजगार से जोड़ने का वादा किया है। इसके अलावा बेरोजगार स्नातक युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये भत्ता देने की बात कही गई है।

सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने और पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारियों तथा मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने का वादा भी किया गया है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये की सहायता देने और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की योजना भी प्रणपत्र में शामिल है। पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पद भरने का फैसला करने की बात कही गई है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की तैयारी

उत्तर प्रदेश की राजनीति में कानून-व्यवस्था लंबे समय से भाजपा और सपा के बीच बड़ा चुनावी मुद्दा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सभाओं में 2017 से पहले की सपा सरकार को कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के सवाल पर घेरते रहे हैं।

इस बार अखिलेश यादव ने सुरक्षा और जवाबदेही से जुड़े वादों के जरिए इस मुद्दे पर भाजपा को जवाब देने की कोशिश की है। भाजपा जहां अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और बुलडोजर को अपनी सरकार की पहचान बताती है, वहीं सपा ने जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने और पुलिस की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है। दलितों और कमजोर वर्गों की जमीनों को कब्जे से बचाने के लिए विशेष एसटीएफ बनाने का वादा भी किया गया है।

महिलाओं, बेटियों और किसानों के लिए भी बड़े वादे

सपा ने महिला मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने के लिए आर्थिक सहायता और शिक्षा से जुड़े कई वादे किए हैं। पार्टी के प्रणपत्र में बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना देने और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। कक्षा नौ से ऊपर की छात्राओं को साइकिल और सोलर लैंप देने का भी वादा किया गया है।

किसानों के लिए कर्जमाफी और फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी देने की बात कही गई है। वहीं, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने की दिशा में काम करने का वादा किया गया है।

शिक्षामित्रों और सरकारी कर्मचारियों पर भी नजर

शिक्षा व्यवस्था से जुड़े वादों में प्रदेश में एजुकेशन सिटी स्थापित करना, बंद पड़े स्कूलों को दोबारा खोलना और सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी जैसे गैर-शिक्षण कार्यों से मुक्त रखना शामिल है।

सपा ने शिक्षामित्रों को नियमित करने के लिए तीन साल के भीतर नीति बनाने और करीब 1.5 लाख शिक्षामित्रों का मासिक मानदेय 5 हजार रुपये बढ़ाने का वादा किया है। इसके अलावा आशा, आंगनवाड़ी और संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरी पक्की करने की बात भी कही गई है।

दलितों के लिए सरकारी ठेकों में आरक्षण का वादा

PDA वर्ग को आर्थिक और राजनीतिक हिस्सेदारी देने के लिए सपा ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग को 50 फीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाने की बात कही गई है।

पार्टी ने जातिगत जनगणना और बैकलॉग पदों पर भर्ती के मुद्दे को भी अपने एजेंडे में रखा है। इन घोषणाओं के जरिए सपा सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व के सवाल को चुनावी बहस के केंद्र में लाना चाहती है।

गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त इलाज

गरीब और कमजोर आय वाले परिवारों को ध्यान में रखते हुए सपा ने 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया है। इसके साथ ही मुफ्त इलाज और एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

कुल मिलाकर अखिलेश यादव का चुनावी दांव अब केवल PDA के पारंपरिक समीकरण तक सीमित नहीं है। पार्टी महिलाओं, युवाओं, किसानों, शिक्षामित्रों और सरकारी कर्मचारियों को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि इन वादों के जरिए सपा 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को कितनी मजबूत चुनौती दे पाती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.