PM मोदी के जन्मदिन पर गौतमबुद्धनगर में सेवा की तस्वीर, अस्पताल में फल वितरण से लेकर जगह-जगह जले ‘आशीर्वाद के दीये’

0 27

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन को गौतमबुद्धनगर में सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिले में सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला अस्पताल में मरीजों को फल बांटे गए, रक्तदान शिविर लगाए गए, विश्वकर्मा जयंती पर पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं और कृषि गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा और जनकल्याण का संकल्प लिया गया।

जिला अस्पताल में मरीजों को फल, कई जगह रक्तदान शिविर

जिला अस्पताल नोएडा में मरीजों को फल वितरित किए गए। सांसद डॉ. महेश शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्हें फल दिए और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

इसी क्रम में आईएमए भवन नोएडा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्राम बिसरख में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ राज्यसभा सांसद सुरेंद्रनगर ने किया, जबकि जेवर में रक्तदान शिविर का उद्घाटन विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया। शिविरों में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

दादरी में कृषि गोष्ठी, किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी

कृषि विज्ञान केंद्र छौलस, दादरी में कृषि गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विधायक दादरी तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, किसान और ग्रामीण शामिल हुए।

गोष्ठी में किसानों से कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, उपयोगी जानकारियों और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों ने सेवा, जनकल्याण तथा समाज के अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।

वेदवन पार्क में दीप प्रज्ज्वलन, लाभार्थियों को टूल किट

नोएडा के सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में विधायक पंकज सिंह ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान अधिकारियों और आमजन ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विधायक की ओर से पांच लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं।

वेदवन पार्क में प्रदर्शित लेजर शो का भी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों और आमजन ने अवलोकन किया।

नोएडा प्राधिकरण में भी जला ‘आशीर्वाद का दीया’

सेक्टर-96 स्थित नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों और आमजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विश्वकर्मा जयंती पर लाभार्थियों को बांटी गई टूल किट

जिला उद्योग केंद्र, सूरजपुर में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में विधायक दादरी तेजपाल नागर मौजूद रहे। महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पंकज निर्वाण समेत संबंधित अधिकारी और लाभार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

टूल किट के माध्यम से पारंपरिक और कौशल आधारित कार्य करने वाले लोगों को सहयोग देने तथा स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया गया।

वृद्धाश्रम और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलन

दनकौर के वृद्धाश्रम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप जलाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के सम्मान, संवेदना और सेवा भावना का संदेश दिया गया।

दादरी और दनकौर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में भी छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने दीप प्रज्ज्वलित किए। छात्राओं ने सेवा, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

सरकारी भवनों से लाभार्थी परिवारों तक रोशन हुए दीये

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शासकीय भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों, विकासखंड कार्यालयों, नगर पालिका, नगर पंचायतों और प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के परिवारों ने भी अपने घरों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। इस तरह सरकारी संस्थानों के साथ लाभार्थी परिवारों और आमजन ने भी अभियान में भागीदारी की।

ग्राम ततारपुर में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड बिसरख के ग्राम ततारपुर में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन विधायक दादरी तेजपाल नागर ने किया। इस पहल के जरिए स्थानीय महिला समूहों और ग्रामीण क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के साथ समाज के अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प को मजबूत किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों, लाभार्थियों, किसानों, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता से जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.