नोएडा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का भव्य आगाज, सांसद-विधायक ने संभाली सफाई की कमान; शहरभर में हुए कई कार्यक्रम

0 25

नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में शुरू किए गए ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का नोएडा प्राधिकरण ने उत्साह और गरिमा के साथ शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को नई दिशा देना है। इस दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, दीपोत्सव और सेवा संकल्प से जुड़े आयोजन किए गए।

मोरना बस स्टैंड पर चला वृहद स्वच्छता अभियान

अभियान के तहत सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने आम लोगों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के जरिए स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

विद्यार्थियों और नागरिकों को कराया गया अध्ययन भ्रमण

वेस्ट मैनेजमेंट और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों और नागरिकों को सेक्टर-34 स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सेक्टर-54 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान कचरा प्रबंधन और अपशिष्ट जल के उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

वेटलैंड और चिल्ड्रन्स पार्क में हुआ दीपोत्सव

स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर दीपोत्सव का आयोजन भी किया गया। सेक्टर-54 स्थित वेटलैंड और सेक्टर-33 स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में शाम के समय दीप जलाकर स्वच्छ और सुंदर शहर का संदेश दिया गया।

वेदवन पार्क में जलाया गया ‘आशीर्वाद का दीया’

सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में विधायक पंकज सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। इस आयोजन के जरिए स्वच्छता और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

प्राधिकरण मुख्यालय में भी हुआ आयोजन

सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के सभागार में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की उपस्थिति में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्प राज सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप जलाकर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

शहरभर में चला सेवा संकल्प कार्यक्रम

इसके अलावा पूरे दिन नोएडा के विभिन्न स्थलों और अवस्थापना से जुड़े प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था।

नोएडा प्राधिकरण ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.