PM मोदी के दौरे से पहले लखनऊ में ट्रैफिक पर बड़ा पहरा! शाम 4 बजे से गोमतीनगर के रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले देख लें पूरा रूट प्लान

0 37
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को राजधानी आगमन को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। वहीं, शाम 4 बजे से गोमतीनगर क्षेत्र के सभी रास्तों पर प्रतिबंध लागू कर दिया जाएगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेना जरूरी है।

पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव के मुताबिक, पॉलीटेक्निक चौराहे से लोहिया पथ की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, लोहिया पथ से आने वाले वाहन फ्लाईओवर के बजाय नीचे से पॉलीटेक्निक चौराहे पहुंचकर आगे जा सकेंगे। अयोध्या रोड से पॉलीटेक्निक आने वाले वाहनों को निशातगंज और बादशाहनगर की ओर मोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री का आईजीपी में कार्यक्रम शाम करीब 5 से 7 बजे के बीच प्रस्तावित है। इससे एक घंटे पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत फ्लीट का पूर्वाभ्यास भी किया जाएगा।

गोमतीनगर और विभूतिखंड में दोपहर से बदलेगा यातायात

गोमतीनगर के विभूतिखंड इलाके में दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक निजी वाहनों, छोटे वाहनों, बसों और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को पांच वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा।

यातायात पुलिस ने जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 जारी किया है। वाहन चालक किसी तरह की परेशानी होने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

विभूतिखंड में इन रास्तों से कर सकेंगे आवागमन

  • लोहिया पथ से आने वाले वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे पहुंचकर आगे की ओर जा सकेंगे।

  • लोहिया अस्पताल जाने वाले वाहनों को अस्पताल के गेट नंबर एक से प्रवेश मिलेगा।

  • चिनहट से गोमतीनगर जाने वाले वाहन कठौता, हनीमैन और हुसड़िया मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

  • समिट बिल्डिंग से आने वाले वाहन कमता और अंडरपास के रास्ते गोमतीनगर जा सकेंगे।

  • अयोध्या रोड से आने वाले वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे और कमता तिराहे होकर आगे जा सकेंगे।

कमता और पॉलीटेक्निक इलाके में भी रहेगा डायवर्जन

कमता तिराहे से शहीद पथ की ओर जाने वाले वाहनों को विजयीपुर अंडरपास की तरफ मोड़ा जाएगा। यहां से वाहन पॉलीटेक्निक, चिनहट और कठौता की ओर जा सकेंगे।

वहीं, पॉलीटेक्निक से हजरतगंज की तरफ लोहिया पथ के रास्ते जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

शहीद पथ और अहिमामऊ पर भी बदलेगा रूट

कानपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को शहीद पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन पुरानी चुंगी, पिकडली और बाराबिरवा होते हुए आगे जा सकेंगे।

अहिमामऊ के पास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यहां से वाहन किसान पथ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

एयरपोर्ट से आईजीपी तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम करीब 5 बजे विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से वह कार्यक्रम स्थल जाएंगे। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की गई है। शुक्रवार को कई बार एयरपोर्ट से आईजीपी तक प्रधानमंत्री के काफिले का पूर्वाभ्यास किया गया। सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए अधिकारियों ने पूरे मार्ग का निरीक्षण भी किया।

कार्यक्रम स्थल, एयरपोर्ट, शहीद पथ और शहर के प्रमुख मार्गों पर 4400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

तीन स्तरों पर होगी सुरक्षा, एटीएस कमांडो भी तैनात

पुलिस महानिदेशक सुरक्षा अमरेंद्र कुमार सेंगर ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अधिकारियों और सुरक्षा बलों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध अपर्णा कुमार और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार मौजूद रहे।

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल के बाहरी परिसर में तीन स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। एटीएस के कमांडो अत्याधुनिक हथियारों के साथ तैनात रहेंगे। इसके अलावा स्नाइपर, एंटी ड्रोन प्रणाली और रात्रि निगरानी दल भी सुरक्षा संभालेंगे।

एयरपोर्ट से शहीद पथ, लोहिया पथ, हजरतगंज, गोमतीनगर और विभूतिखंड तक ऊंची इमारतों पर निगरानी के लिए वॉच टावर बनाए गए हैं। यहां दूरबीन से निगरानी की जाएगी। होटल, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले लोगों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।

पूरे निर्धारित मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए कई सुरक्षित केंद्र भी तैयार किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में इतने पुलिसकर्मियों की तैनाती

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की बड़ी टीम तैनात रहेगी।

  • आठ पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी, 10 अपर पुलिस उपायुक्त और 34 सहायक पुलिस आयुक्त तैनात रहेंगे।

  • 114 इंस्पेक्टर, 946 दरोगा और 108 महिला दरोगा सुरक्षा संभालेंगी।

  • 1967 मुख्य आरक्षी और आरक्षी के साथ 432 महिला मुख्य आरक्षी और आरक्षी भी तैनात रहेंगी।

  • यातायात व्यवस्था के लिए 31 निरीक्षक, 140 उपनिरीक्षक और 619 मुख्य आरक्षी व आरक्षी लगाए गए हैं।

  • अतिरिक्त सुरक्षा के लिए पीएसी की 11 कंपनियां और दो प्लाटून, आरआरएफ की दो कंपनियां तथा एनएसजी की एक टीम तैनात रहेगी।

  • एटीएस की तीन टीमें, स्नाइपर और एंटी ड्रोन प्रणाली के साथ एक एंटी ड्रोन टीम भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होगी।

  • रात्रि निगरानी के लिए सुरक्षा शाखा की तीन टीमें तैनात रहेंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.