PM सूर्यघर योजना पर सख्त हुए CDO, 245 लंबित ऋण मामलों को 3 दिन में निपटाने का अल्टीमेटम

0 22

गौतमबुद्धनगर : भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने कमर कस ली है। योजना के तहत लंबित बैंक ऋण प्रकरणों के जल्द निस्तारण और अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में योजना की प्रगति, बैंक ऋण स्वीकृति और वितरण की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया। इस दौरान जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी यूपी नेडा लवेश कुमार सिसोदिया, अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

245 लंबित ऋण मामलों पर प्रशासन की सख्ती

समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया समेत सभी संबंधित बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि लंबित ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर आगामी तीन दिनों के भीतर सभी 245 लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और बैंकिंग प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।

सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है लक्ष्य

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही घरेलू बिजली खर्च में कमी लाकर लोगों को आर्थिक राहत प्रदान करना भी योजना का प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे योजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं और पात्र आवेदकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराएं।

दैनिक मॉनिटरिंग के निर्देश, बैंकों ने दिया भरोसा

बैठक में मौजूद बैंक प्रतिनिधियों ने निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित मामलों के निस्तारण और ऋण वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजना की नियमित निगरानी और प्रगति की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों और बैंकों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। बैठक में उपयुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश कटारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.