अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चार राज्यों में 22 रेलवे स्टेशनों की बदली तस्वीर, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण

0 24

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 20 राज्यों में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस दौरान मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुल 22 आधुनिकीकृत रेलवे स्टेशनों को भी जनता को समर्पित किया गया। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, स्थानीय सांस्कृतिक पहचान और बेहतर बुनियादी ढांचे से सुसज्जित किया गया है, जिससे यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

मध्य प्रदेश में 13 रेलवे स्टेशनों का हुआ पुनर्विकास

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 13 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया गया है। इनमें अशोकनगर, बालाघाट, ब्यौहारी, भिंड, छिंदवाड़ा, हरपालपुर, जुन्नारदेव, एमसीएस छतरपुर, नैनपुर, सांची, शिवपुरी, टीकमगढ़ और विदिशा शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले सांची, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी स्टेशनों के पुनर्विकास में स्थानीय संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला का विशेष समन्वय किया गया है। विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

गुजरात में चार स्टेशनों को मिला आधुनिक स्वरूप

गुजरात में प्रताप नगर, गोधरा, पोरबंदर और भक्तिनगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 109 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। इन स्टेशनों के उद्घाटन के साथ राज्य में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित स्टेशनों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ के तीन स्टेशनों का भी हुआ लोकार्पण

छत्तीसगढ़ में रायपुर मंडल के सरोना और बालोद तथा बिलासपुर मंडल के चांपा रेलवे स्टेशन का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया गया। रेलवे के अनुसार, इन स्टेशनों को आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ ऊर्जा दक्ष तकनीक और स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाली संरचनाएं तैयार की गई हैं।

झारखंड में पिस्का और मुरी स्टेशन बने आधुनिक

झारखंड में रांची मंडल के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन को भी नए स्वरूप में विकसित कर जनता को समर्पित किया गया। पिस्का स्टेशन के पुनर्विकास पर लगभग 21 करोड़ रुपये और मुरी स्टेशन पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, राज्य सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

रेल मंत्रालय के अनुसार, पहले इन स्टेशनों पर केवल बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध थीं, जबकि अब बेहतर स्टेशन भवन, लिफ्ट, फुटओवर ब्रिज, आधुनिक ट्रेन सूचना डिस्प्ले प्रणाली, बेहतर प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी, दिव्यांगजन के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और अलग शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंत्रालय का कहना है कि इन परियोजनाओं से यात्रा अनुभव अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.