रामलला दर्शन पर सियासी संग्राम! अयोध्या पहुंचे कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई, अजय राय नजरबंद, सांसद उज्जवल रमण सिंह के घर पुलिस तैनात

0 116

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच मंगलवार को कांग्रेस के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में नजरबंद किए जाने का दावा किया गया है। वहीं प्रयागराज से अयोध्या रवाना होने की तैयारी कर रहे कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह के घर के बाहर पुलिस की तैनाती की खबर सामने आई है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने वाला था। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कर रहे थे। उनके साथ अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज से सांसद उज्जवल रमण सिंह और बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया के भी शामिल होने की जानकारी दी गई थी।

अयोध्या जाने से पहले ही अलर्ट मोड में प्रशासन

कांग्रेस नेताओं के दौरे को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क नजर आया। प्रयागराज में सांसद उज्जवल रमण सिंह के कैंट थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर आवास के बाहर पुलिस की मौजूदगी देखी गई। कांग्रेस का आरोप है कि सांसद को अयोध्या जाने से रोकने के लिए पुलिस पहले ही सक्रिय हो गई थी।

अजय राय ने लगाया हिरासत में लेने का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया कि अयोध्या पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके अनुसार, उन्हें होटल से बाहर निकालकर पुलिस वाहन में बैठाया गया। राय ने इस कार्रवाई को सरकार की तानाशाही बताते हुए कहा कि दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

‘बीजेपी सरकार की तानाशाही चरम पर’

अजय राय ने अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्रीराम के दर्शन और पूजा के लिए अयोध्या आया था, लेकिन पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में जमीन घोटालों और चढ़ावे की कथित चोरी के मामलों को लेकर सवाल उठाने वालों से सरकार डर रही है। राय ने कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अब आस्था पर भी पहरा लगाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर न रुकेगी और न ही झुकेगी।

रीना राय ने सरकार पर साधा निशाना

अजय राय की पत्नी रीना राय ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की आवाज दबाने के लिए सत्ता पक्ष किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है। रीना राय ने कहा कि पुलिस द्वारा अजय राय को वाहन में ले जाने के बाद सहयोगियों को भ्रामक जानकारियां देकर भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की कथित चोरी के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि अजय राय के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

प्रतापगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष को भी हिरासत में लेने का दावा

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि अजय राय के साथ अयोध्या पहुंचे प्रतापगढ़ के जिला अध्यक्ष नीरज त्रिपाठी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पार्टी ने प्रशासन से सभी हिरासत में लिए गए नेताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि भगवान राम की पूजा-अर्चना के लिए जा रहे लोगों को रोकना असंवैधानिक है और इससे धार्मिक स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन होता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.