पति के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी प्रज्ञा, आधी रात अचानक बदल ली ट्रेन; 6 दिन बाद खुद बताया कैसे पहुंच गई बिहार

0 24

कानपुर: केदारनाथ यात्रा से लौटते समय ट्रेन से रहस्यमयी तरीके से लापता हुई कानपुर की प्रज्ञा सिंह आखिरकार छह दिन बाद बिहार के बेगूसराय में सुरक्षित मिल गईं। अब प्रज्ञा ने खुद सामने आकर बताया है कि आखिर वह आधी रात को ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन में क्यों चढ़ीं और कैसे बिहार पहुंच गईं।

पति से विवाद के बाद अचानक लिया फैसला
पुलिस के मुताबिक, प्रज्ञा सिंह की शादी को अभी केवल तीन महीने हुए हैं। वह अपने पति मनीष के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही थीं। दोनों देहरादून-गाजियाबाद नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

लक्सर के ग्रामीण एसपी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पति के सो जाने के बाद प्रज्ञा चुपचाप ट्रेन से उतर गईं और बिना टिकट दूसरी ट्रेन में सवार हो गईं। पुलिस के अनुसार, उस समय उन्हें यह भी नहीं पता था कि वह ट्रेन बिहार की ओर जा रही है।

बेगूसराय पहुंचकर मां को किया फोन
पुलिस ने बताया कि बिहार पहुंचने के बाद प्रज्ञा ने अपनी मां को फोन कर बताया कि वह सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर परिवार को सूचना दी। फिलहाल प्रज्ञा को उनके कानपुर स्थित घर पहुंचा दिया गया है और वह परिवार के साथ हैं।

मुजफ्फरनगर के पास खुली पति की आंख, सीट खाली मिली
जानकारी के अनुसार, 5 मई की रात दोनों पति-पत्नी देहरादून से गाजियाबाद लौट रहे थे। मनीष ने पुलिस को बताया कि हरिद्वार पार होने तक दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी, जिसके बाद वे सो गए। जब ट्रेन मुजफ्फरनगर के पास पहुंची तो उनकी आंख खुली और उन्होंने देखा कि प्रज्ञा सीट पर नहीं थीं।

शुरुआत में उन्हें लगा कि वह वॉशरूम गई होंगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद उन्होंने पूरी ट्रेन में तलाश शुरू की।

फोन बंद मिला, कई किलोमीटर तक चला सर्च ऑपरेशन
मनीष ने दोनों वॉशरूम और आसपास के डिब्बों में तलाश की, लेकिन प्रज्ञा का कोई सुराग नहीं मिला। उनका मोबाइल फोन भी बंद था। इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई और मामला रुड़की कोतवाली भेजा गया, जहां गुमशुदगी दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस को रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की खराब स्थिति के कारण भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पति ने आरोप लगाया कि रुड़की और मुजफ्फरनगर स्टेशन के कैमरे काम नहीं कर रहे थे, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि प्रज्ञा ट्रेन से कहां उतरी थीं।

हादसे और अपराध की आशंका में जांच तेज हुई थी
प्रज्ञा के अचानक लापता होने के बाद पति ने किसी हादसे या आपराधिक घटना की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में कई किलोमीटर तक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने कॉल डिटेल, मैसेज और व्हाट्सऐप चैट की भी जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध जानकारी सामने नहीं आई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.