बिसाहड़ा में 100 बेड के अस्पताल निर्माण की तैयारी तेज, डीएम और विधायक ने की प्रोजेक्ट की समीक्षा

0 25

गौतमबुद्धनगर: दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिसाहड़ा में प्रस्तावित 100 शैय्यायुक्त चिकित्सालय के निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर की मौजूदगी में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना की प्रगति और जरूरी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक के दौरान अस्पताल निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि के चिन्हांकन, राजस्व अभिलेखों की स्थिति और निर्माण प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से भूमि उपलब्धता और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की प्रगति रिपोर्ट भी ली गई।

विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर भी हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर भी कई प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखे। बैठक में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

अनुपस्थित अधिकारियों पर डीएम सख्त

बैठक के दौरान कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जल्द शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि चिकित्सालय निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि के चिन्हांकन सहित सभी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाए। साथ ही नियमानुसार शासन को आख्या भेजने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद शालिनी गुप्ता, तहसीलदार दादरी प्रतीक चौहान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंदन सोनी तथा लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.