गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केन्द्र के रूप में विकसित करने की दिशा में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग बड़ा आयोजन करने जा रहा है। ‘यू.पी. टैक्स-2026’ सम्मेलन का आयोजन 8 और 9 सितंबर 2026 को लखनऊ में किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग पश्चिम क्षेत्र मेरठ/सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि यह आयोजन जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में होगा। सम्मेलन के जरिए उत्तर प्रदेश को वस्त्र क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।
3 सितंबर को नोएडा में कर्टेन रेजर और रोड शो
मुख्य सम्मेलन से पहले 3 सितंबर 2026 को नोएडा में ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का कर्टेन रेजर एवं रोड शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन भवन, बी-110/ए, सेक्टर-06, नोएडा, गौतमबुद्धनगर में होगा।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे।
निवेशकों और वस्त्र उद्योग से जुड़े लोगों को मिलेगा साझा मंच
अधिकारियों के अनुसार, ‘यू.पी. टैक्स-2026’ सम्मेलन नीति निर्माताओं, वैश्विक निवेशकों, वस्त्र निर्माताओं, निर्यातकों और वस्त्र उद्योग से जुड़े नवप्रवर्तकों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। सम्मेलन के माध्यम से वस्त्र उद्योग से जुड़ी संभावनाओं और उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केन्द्र के रूप में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।