राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर, विभिन्न परियोजनाओं का करेंगी उद्धाटन

0 117

अमरावतीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार से आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। वह विशाखापत्तनम में नौसेना दिवस समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति विजयवाड़ा पहुंचेंगी और राजभवन जाएंगी। इसके बाद विजयवाड़ा के बाहरी इलाके में पोरांकी गांव में राज्य सरकार के स्वागत समारोह में हिस्सा लेंगी। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के भोज में हिस्सा लेने के उपरांत विशाखापत्तनम के लिए उड़ान भरेंगी।

सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर मुर्मू विजाग में रामकृष्ण बीच पर नौसेना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। वहां भारतीय नौसेना के कौशल प्रदर्शन की साक्षी बनेंगी। रक्षा मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन भी करेंगी। राष्ट्रपति कुरनूल जिले में नेशनल ओपन एयर रेंज और कृष्णा जिले के निम्मकुरु में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की एडवांस्ड नाइट विजन प्रोडक्ट्स फैक्टरी का उद्घाटन भी करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू श्री सत्य साई जिले में एनएच-342 के मुदिगुब्बा-पुट्टापर्थी खंड को चौड़ा करने की आधारशिला भी रखेंगी। राष्ट्रपति विशाखापत्तनम के अनंतगिरि में नौसेना दिवस समारोह में शामिल होंगी और बाद में तिरुपति के लिए रवाना होंगी। सोमवार को मुर्मू तिरुमाला पर्वत पर श्रीवारी मंदिर में वेंकटेश्वर स्वामी की पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह तिरुपति में श्री पद्मावती महिला विश्वविद्यालय का दौरा करेंगी और छात्रों, संकाय सदस्यों, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं से बातचीत करेंगी। राष्ट्रपति सोमवार को तिरुपति से नई दिल्ली रवाना होंगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.