उत्तर प्रदेश में तूफान से 87 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति पुतिन ने जताया गहरा दुख, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को भेजा संवेदना संदेश

0 135

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आए भीषण तूफान और बेमौसम बारिश से हुई भारी जनहानि पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के चलते हुए हादसों में कम से कम 87 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घरों और बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को भेजा संवेदना संदेश

क्रेमलिन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

अपने संदेश में पुतिन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आए चक्रवात और तूफान से हुई भारी तबाही और जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति समर्थन और संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में रूस की संवेदनाएं भारत के साथ हैं।

घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

रूसी राष्ट्रपति ने अपने संदेश में यह भी कहा कि वह इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ उनकी पूरी सहानुभूति और समर्थन है।

उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान से भारी तबाही

बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हुई। इस दौरान पेड़ उखड़ गए, कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हादसों में 87 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

सीएम योगी ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश दिया है कि 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाई जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.