राष्ट्रपति का ‘ऑफिस ऑन व्हील्स’: 6 दिन के लिए दिल्ली से शिमला शिफ्ट होगा कामकाज, 175 साल पुराने मशोबरा निवास में रहेंगी द्रौपदी मुर्मू
शिमला में राष्ट्रपति के छह दिवसीय प्रवास को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 27 अप्रैल से 2 मई तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे के दौरान एक तरह से राष्ट्रपति कार्यालय दिल्ली से यहां शिफ्ट हो जाएगा। इस अवधि में राष्ट्रपति सचिवालय का कामकाज शिमला से ही संचालित किया जाएगा और जरूरी फाइलें भी यहां मंगाई जाएंगी।
शिमला और हैदराबाद ही हैं दिल्ली के बाहर आधिकारिक निवास
देश में राष्ट्रपति के कुल तीन आधिकारिक निवास हैं, जिनमें दिल्ली के अलावा शिमला और हैदराबाद शामिल हैं। शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति अपने आधिकारिक निवास में ही रहेंगी, जहां से वे सभी प्रशासनिक कार्य भी देखेंगी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस दौरे को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मशोबरा स्थित 175 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत में ठहरेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति का यह निवास शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर मशोबरा की पहाड़ियों में स्थित है, जिसे पहले ‘द रिट्रीट’ के नाम से जाना जाता था। 175 साल से अधिक पुरानी यह इमारत धज्जी निर्माण शैली में बनी है, जिसमें लकड़ी और मिट्टी का उपयोग किया गया है। इस पारंपरिक तकनीक की खासियत यह है कि यह इमारत भूकंप के प्रभाव को भी काफी हद तक झेलने में सक्षम मानी जाती है। साथ ही, यह संरचना गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्माहट बनाए रखने में सहायक होती है।
सेब के बाग और ट्यूलिप गार्डन से सजा परिसर
मशोबरा स्थित इस राष्ट्रपति निवास का परिसर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां 300 से अधिक सेब के पौधों वाला बागीचा है, जिसमें कई विदेशी किस्में भी शामिल हैं। इसके अलावा परिसर में आकर्षक ट्यूलिप गार्डन भी मौजूद है, जिसका शुभारंभ स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तीन साल पहले किया था। यहां विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप फूल खिले रहते हैं, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र हैं।
पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद, 3 मई से खुलेगा
राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इस निवास को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, यह परिसर 3 मई से दोबारा आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले राष्ट्रपति के निर्देश पर ही इस ऐतिहासिक स्थल को आम जनता के लिए खोला गया था, जहां पर्यटक टिकट लेकर भ्रमण कर सकते हैं।