प्रधानमंत्री मोदी 4 अप्रैल को बिहार में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की करेंगे शुरुआत

0 362

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार अप्रैल को जमुई में एक रैली करके बिहार में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। जमुई में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख एवं जमुई से मौजूदा सांसद चिराग पासवान ने यह घोषणा की। चिराग पासवान ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी सीट बदल ली है और जमुई सीट अपने बहनोई अरुण भारती को दी है।

चिराग पासवान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह हमारे कार्यकर्ताओं के लिए बहुत गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में अपना प्रचार अभियान जमुई से शुरू करेंगे।” पासवान अपने दिवंगत पिता राम विलास पासवान के गढ़ हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे। पासवान ने एक पोस्टर भी साझा किया, जिसमें भारती की तस्वीर के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीर छपी है।

वहीं पासवान ने कहा, ‘‘मैं इस मौके पर जमुई के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार की सभी 40 सीट जीतेगा और देशभर में 400 से अधिक सीट का लक्ष्य हासिल करेगा। उनकी पार्टी बिहार में पांच सीट पर चुनाव लड़ रही है।

बता दें कि भाजपा 17 निर्वाचन क्षेत्रों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जद (यू) 16 सीट पर चुनाव लड़ेगी। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक-एक सीट मिली है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.