प्रधानमंत्री जाएंगे वायनाड, राहुल गांधी ने जताया आभार, बोले- मोदी जी आपका धन्यवाद

0 268

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भूस्खलन के बाद आई भीषण त्रासदी से प्रभावित वायनाड का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान आपदा प्रभावित पूरे क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

उनके इस दौरे के ऐलान के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी का वायनाड दौरे के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “व्यक्तिगत रूप से भयानक त्रासदी का जायजा लेने के लिए वायनाड जाने के लिए आपका धन्यवाद, मोदी जी। ये एक अच्छा फैसला है। मुझे विश्वास है कि एक बार जब प्रधानमंत्री प्रत्यक्ष रूप से तबाही की सीमा को देख लेंगे, तो वह इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देंगे।”

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सुबह 11 बजे कन्नौर पहुंचेंगे जहां से वह वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए निकलेंगे। इसके बाद, दोपहर 12:15 बजे वह भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जहां उन्हें बचाव दल द्वारा चलाये जा रहे अभियान की जानकारी दी जाएगी।

इस दौरान पीएम मोदी वहां चल रहे पुनर्वास कार्यों का भी निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह राहत शिविर और अस्पताल में भूस्खलन पीड़ितों समेत अन्य लोगों से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जहां उन्हें घटना और चल रहे राहत कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

गौरतलब है कि केरल के वायनाड में 30 जुलाई को भारी भूस्खलन हुआ था। इस प्राकृतिक आपदा में चार सौ से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। जान-माल का भी भारी नुकसान हुआ है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसओजी और वन अधिकारियों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.