जबलपुर से चुनावी शंखनाद करेंगी प्रियंका गांधी, 12 जून को होगा कांग्रेस की 5 गारंटियों का ऐलान

0 80

भोपाल: मध्यप्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। यहाँ भाजपा जहां अपनी सत्ता बचाने की कोशिश में है, वहीं हिमाचल और कर्नाटक में जीत से कांग्रेस के हौसले आसमान छु रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस मप्र में जीत का परचम लहराने की पुरी कोशिश करेगी। माना जा रहा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 12 जून को जबलपुर से लोगों के लिए पांच गारंटी का ऐलान करेंगी। अगर उनकी सरकार राज्य में बनती है, तो पार्टी इन्हें लागू करेगी।

बता दें कि, 14 अक्टूबर 2022 को हिमाचल प्रदेश के सोलन में प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के चुनावी अभियान का आग़ाज़ करते हुए एक लाख सरकारी नौकरी और पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की गारंटी दी थी। वहीं कर्नाटक में राहुल गांधी ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली, गरीबों को 10 किलो चावल जैसी 5 गारंटी दी थी। दोनों ही राज्यों में पार्टी की सरकार बनी है। हालाँकि, ये अलग बात है कि, सत्ता में आने के बाद अब कांग्रेस उन गारंटियों में शर्तें लागू होने की बात कह रहीं हैं। कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियंक खड़गे ने कहा है कि, फ्री की योजनाएं सभी के लिए नहीं हैं, इसमें शर्तें लागू होंगी। वहीं, अब मध्य प्रदेश में पार्टी इसी गारंटी वाला कार्ड खेलना चाहती है। प्रियंका पार्टी की ओर से लोगों के लिए गारंटी का ऐलान करेंगी।

वहीं, PCC चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ अपनी जनसभाओं में पहले ही इन घोषणाओं का उल्लेख कर चुके हैं। राज्य कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा है कि, ‘प्रियंका गांधी महाकौशल क्षेत्र से विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज़ करेंगी, जो PCC प्रमुख कमलनाथ के प्रभुत्व वाला क्षेत्र है। वह कुछ बड़े चुनावी ऐलान कर सकती हैं। पार्टी के हर कार्यकर्ता को आश्वस्त किया जाएगा कि कमलनाथ की अगुवाई में मध्य प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आ रही है।’

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.