DC के खिलाफ काली पट्टी बांधकर उतरी पंजाब किंग्स, मैदान पर दिखा भावुक नजारा; टीम फिजियो की मां के निधन पर खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि

0 29

शिमला: आईपीएल 2026 में धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के अहम मुकाबले के दौरान एक भावुक तस्वीर देखने को मिली। पंजाब किंग्स के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे, जिसे देखकर फैंस के बीच लगातार चर्चा शुरू हो गई। अब इस फैसले के पीछे की वजह सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।

दरअसल, पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने टीम के फिजियो एंड्रयू लेपस की मां के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए ब्लैक आर्मबैंड पहनकर मैदान में उतरने का फैसला किया। जानकारी के मुताबिक एंड्रयू लेपस की मां का 10 मई को निधन हो गया था। टीम ने मैच के दौरान काली पट्टी बांधकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने साथी के दुख में एकजुटता दिखाई।

धर्मशाला में पंजाब किंग्स का सीजन का पहला मुकाबला

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यह मुकाबला पंजाब किंग्स के लिए कई मायनों में अहम माना जा रहा है। टीम लगातार तीन हार के बाद जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश कर रही है। धर्मशाला को पंजाब किंग्स का दूसरा घरेलू मैदान माना जाता है और यहां टीम अपना इस सीजन का पहला मैच खेल रही है। ऐसे में मुकाबले से पहले मैदान पर भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला।

टॉस जीतकर दिल्ली ने चुनी गेंदबाजी

मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में पांच बदलाव किए। कुलदीप यादव को इस मुकाबले में जगह नहीं मिली। उनके अलावा पथुम निसंका, नीतीश राणा, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा और विप्रज निगम भी अंतिम एकादश से बाहर रहे।

वहीं पंजाब किंग्स ने टीम में सिर्फ एक बदलाव किया। चोटिल लॉकी फर्ग्युसन की जगह ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शुइस को आईपीएल डेब्यू का मौका दिया गया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान बताया कि फर्ग्युसन हल्की चोट से जूझ रहे हैं, जिसके चलते टीम को यह बदलाव करना पड़ा।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन

केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, मुकेश कुमार, आकिब नबी डार, मिचेल स्टार्क, लुंगी एंगिडी।

इम्पैक्ट सब्स: पथुम निसांका, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, त्रिपुराना विजय।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन

प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को जानसन, बेन ड्वार्शुइस, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

इम्पैक्ट सब्स: हरप्रीत बराड़, यश ठाकुर, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.