उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी ही होंगे भाजपा का चेहरा, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा ऐलान
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने रुख को स्पष्ट कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ कहा है कि राज्य में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही पार्टी का चेहरा होंगे। इस घोषणा के साथ ही राज्य की सियासी अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया है।
धामी और योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी भाजपा
नितिन नवीन ने दिल्ली में दिए एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों में विकास के उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच पार्टी जाएगी।
भाजपा अध्यक्ष के इस बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी नेतृत्व मौजूदा मुख्यमंत्रियों पर ही भरोसा जताते हुए आगे बढ़ रहा है।
धामी सरकार के कामकाज की तारीफ
नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हर राज्य की अपनी चुनौतियां होती हैं, लेकिन धामी सरकार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में बेहतर काम किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रदर्शन का आकलन केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि यह देखकर भी किया जाता है कि आम जनता के जीवन में कितना बदलाव आया है। इसी आधार पर धामी सरकार ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
शीर्ष नेतृत्व का लगातार मिल रहा समर्थन
सियासी जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कामकाज और प्रशासनिक शैली से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का भरोसा मजबूत किया है। हाल के दौरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने धामी सरकार के कार्यों की सराहना की है।
भाजपा के इस ऐलान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है कि पार्टी आने वाले चुनाव में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही मैदान में उतरेगी।