NEET Protest से बिहार में बवाल! 5 शहरों में हिंसा, लाठीचार्ज-आंसू गैस-हवाई फायरिंग, पुलिस ने शुरू की बड़ी कार्रवाई

0 22

पटना: नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बिहार के कई जिलों में छात्रों और विपक्षी दलों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। पटना, दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय और जहानाबाद में हालात तनावपूर्ण रहे। कई जगहों पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिसके बाद उपद्रवियों की गिरफ्तारी का अभियान तेज कर दिया गया।

दरभंगा में शांतिपूर्ण मार्च के बाद भड़की हिंसा

दरभंगा में कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टावर चौक तक निकाला गया मार्च शुरुआत में शांतिपूर्ण रहा। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। जुलूस समाप्त होने के बाद लोहिया चौक के पास कुछ लोगों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे माहौल बिगड़ गया।

स्थिति बिगड़ने पर जिलाधिकारी कौशल कुमार, एसएसपी जगूनाथ रेड्डी और डीआईजी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद लाठीचार्ज किया गया और गलियों में छिपकर पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

वीडियो और सीसीटीवी से होगी पहचान, आयोजकों पर भी कार्रवाई

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों के साथ-साथ प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले आयोजकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं प्रदर्शन में शामिल डॉ. रिशु ने दावा किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और लौटते समय कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया, जिनका छात्रों से कोई संबंध नहीं था।

कटिहार में कलेक्ट्रेट पर हमला, सीओ की आंख में गंभीर चोट

कटिहार में कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने मुख्य प्रवेश द्वार पर तोड़फोड़ की। हालात संभालने पहुंचे अंचलाधिकारी सोनू भगत पर ईंट-पत्थरों और पानी की बोतलों से हमला किया गया। इस हमले में उनकी एक आंख में गंभीर चोट आई। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

घायल अंचलाधिकारी सोनू भगत ने कहा कि भीड़ में शामिल लोग छात्र नहीं बल्कि पैसे देकर बुलाए गए उपद्रवी प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी और पथराव के दौरान उनकी आंख में गंभीर चोट आई, जिससे रक्तस्राव और ब्लड क्लॉट हो गया।

जहानाबाद में भीड़ को रोकने के लिए 10 राउंड हवाई फायरिंग

जहानाबाद में हिंसक प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को 10 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। जिलाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। उपद्रवियों की पहचान के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है।

बेगूसराय में डीएम कार्यालय के बाहर हजारों प्रदर्शनकारी जुटे

बेगूसराय में भी नीट पेपर लीक के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।

पटना में 268 नामजद और 2500 अज्ञात पर एफआईआर, 56 गिरफ्तार

राजधानी पटना में एक दिन पहले हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने 117 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

कोतवाली, गांधी मैदान और सचिवालय थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में कुल 268 नामजद और करीब 2,500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.