ट्रंप की हत्या की साजिश नाकाम: आरोपी रयान राउथ को उम्रकैद, जज बोले—यह ‘घिनौना और सोचा-समझा कृत्य’

0 313

नई दिल्ली। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश के मामले में संघीय अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित गोल्फ कोर्स पर 2024 में हुई इस सनसनीखेज घटना के दोषी रयान राउथ को उम्रकैद की सजा दी गई है। अदालत ने इसे लोकतंत्र और सार्वजनिक सुरक्षा पर सीधा हमला करार दिया है।

फैसला सुनाते वक्त जज की सख्त टिप्पणी
अमेरिकी जिला न्यायाधीश एलीन कैनन ने बुधवार को सजा सुनाते हुए रयान राउथ के कृत्य को “पूरी तरह सोचा-समझा और बेहद घिनौना” बताया। जज ने कहा कि आरोपी अपने इरादे को अंजाम देने के बेहद करीब पहुंच चुका था और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अदालत ने राउथ को कुल पांच गंभीर मामलों में दोषी ठहराया।

कैसे रची गई थी हत्या की साजिश
सितंबर 2024 में डोनाल्ड ट्रंप जब चुनाव प्रचार के दौरान फ्लोरिडा के एक गोल्फ कोर्स में मौजूद थे, उसी दौरान रयान राउथ ने स्नाइपर पोजीशन ले ली थी। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के सतर्क एजेंटों ने संदिग्ध गतिविधि को समय रहते भांप लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गोलीबारी कर काबू में ले लिया। इस त्वरित कार्रवाई से ट्रंप पर संभावित हमले को टाल दिया गया।

उम्रकैद के साथ कई अतिरिक्त सजाएं
अदालत ने उम्रकैद के अलावा राउथ को कई अन्य सजाएं भी सुनाईं। हिंसक अपराध के दौरान हथियार रखने के आरोप में उसे 84 महीने की सजा दी गई है। इसके साथ ही संघीय अधिकारी पर हमले के मामले में 240 महीने की अतिरिक्त सजा और अन्य हथियार संबंधी अपराधों के लिए भी अलग-अलग दंड निर्धारित किए गए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.