पीएम मोदी की अपील पर संजय निरुपम का तीखा वार, बोले- ‘मानसिक रूप से विक्षिप्त हो चुके हैं विरोधी दल’

0 32

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से पेट्रोल-डीजल, खाने के तेल और सोने की खपत कम करने की अपील के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना के शिंदे गुट के प्रवक्ता संजय निरुपम ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद से विपक्ष “मानसिक रूप से विक्षिप्त” हो गया है।

संजय निरुपम ने राज ठाकरे समेत विपक्षी नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री की अपील की आलोचना किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश एक संभावित वैश्विक संकट की ओर बढ़ रहा है और ऐसे समय में राजनीति करना गैरजिम्मेदाराना रवैया है।

‘प्रधानमंत्री ने सिर्फ सतर्क रहने को कहा’

संजय निरुपम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए देशवासियों से खर्च पर नियंत्रण रखने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को आने वाले समय के लिए सावधान किया है ताकि देश संभावित आर्थिक दबाव का बेहतर तरीके से सामना कर सके।

उन्होंने कहा, “देश की जनता ने प्रधानमंत्री की बात को गंभीरता से लिया है, लेकिन विपक्ष लगातार इसका विरोध कर रहा है। इस तरह का विरोध विपक्ष को और नुकसान पहुंचाएगा।”

सोशल मीडिया पर भी साधा निशाना

संजय निरुपम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता की अपील के बाद विपक्षी दल लगातार सरकार और प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के दौर में यदि दुनिया के किसी हिस्से में युद्ध होता है तो उसका असर भारत पर भी पड़ता है। ऐसे में सरकार द्वारा लोगों को सतर्क रहने की सलाह देना गलत नहीं है।

‘क्या युद्ध हमने शुरू किया?’

शिवसेना नेता ने विपक्ष से सवाल करते हुए कहा, “क्या पश्चिम एशिया का युद्ध हमने शुरू किया? अगर दुनिया में कहीं भी संकट आता है तो उसका असर भारत पर क्यों नहीं पड़ेगा?” उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक कुंठा में प्रधानमंत्री की सुरक्षा और प्रोटोकॉल तक पर सवाल उठा रहा है।

निरुपम ने तंज कसते हुए कहा कि क्या प्रधानमंत्री पैदल चलें, खुद गाड़ी चलाएं या फिर वर्क फ्रॉम होम करें? उन्होंने कहा कि विपक्ष को समझना चाहिए कि राष्ट्रीय संकट के समय जिम्मेदार राजनीति जरूरी होती है।

‘फिलहाल कोई संकट नहीं, लेकिन सतर्क रहना जरूरी’

संजय निरुपम ने कहा कि फिलहाल देश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और विदेशी मुद्रा भंडार भी पर्याप्त है। हालांकि उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार की परिस्थितियों और विदेशी संस्थाओं के निवेश कम करने के कारण भविष्य में दबाव बन सकता है। इसी वजह से प्रधानमंत्री ने लोगों से सोने की खरीद टालने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की चिंता नहीं बल्कि पूरे देश की चिंता होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष हर मुद्दे पर राजनीति करने में लगा हुआ है।

ईडी कार्रवाई को लेकर भी बोले संजय निरुपम

पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस की ईडी द्वारा गिरफ्तारी पर भी संजय निरुपम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिकाओं में नौकरियों के नाम पर बड़ा रैकेट चलाया गया था और इस मामले में भारी पैमाने पर पैसों का लेन-देन हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि मामले में करोड़ों रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है, जो भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे मामले में व्यापक जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.