अलीगढ़ में भारी बारिश के बाद गिरी मकान की छत, सात लोग घायल

0 373

अलीगढ़ । यूपी के अलीगढ़ में भारी बारिश के कारण दो मंजिला मकान की छत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन बच्चों समेत सात लोग मलबे में दब गए। मामला टप्पल थाना इलाके के जैदपुरा गांव का है। बताया जा रहा है कि अलीगढ़ में बीते तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह जैदपुरा गांव में स्थित एक दो मंजिला मकान की छत अचानक गिर गई। घटना के समय परिवार के लोग घर में ही सो रहे थे। इस हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं समेत सात लोग मलबे में दब गए। हादसे के जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने हादसे के बाद मलबे में फंसे घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। उन्होंने घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल एक महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह एक मकान की छत अचानक गिर गई थी। घटना के समय सो रहे सभी लोग मलबे में दब गए। बाद में सभी लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

जैदपुरा निवासी सद्दाम ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब तीन बजे के आसपास ये हादसा हुआ। इस हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच भारी बारिश की आशंका के चलते डीएम ने गुरुवार (12 सितंबर 2024) को सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक गुरुवार को जिले के स्कूल में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.