झारखंड में भीषण गर्मी का अलर्ट, तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार; संताल परगना में बारिश से मिल सकती है राहत

0 32

झारखंड में गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पलामू क्षेत्र में हालात और गंभीर हैं, जहां तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे हीट वेव की स्थिति बन सकती है।

अगले पांच दिनों में 45 डिग्री तक जा सकता है पारा

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना है। दोपहर के समय हालात ऐसे हैं कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और तेज धूप के साथ गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं।

कई शहरों में बढ़ा तापमान, रातें भी गर्म

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में यह 40.2 डिग्री रहा। रांची में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 19.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री के साथ राज्य में सबसे अधिक रहा। बीते 24 घंटे में रांची और मेदिनीनगर के तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर चल रहे हैं।

संताल परगना में बादल और हल्की बारिश के आसार

भीषण गर्मी के बीच संताल परगना क्षेत्र के लिए थोड़ी राहत की खबर है। मौसम विभाग ने गुरुवार से यहां बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा।

इस वजह से बदल रहा मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार से मणिपुर तक फैला एक निम्न दबाव क्षेत्र और बंगाल के गांगेय इलाके व बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसी कारण संताल परगना के आसपास बादल बनने की स्थिति बन रही है, जबकि बाकी इलाकों में आसमान साफ रहने से धूप और तेज हो रही है।

गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी रह सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.