कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कोलकाता दौरे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 23 अप्रैल को प्रस्तावित उनका दौरा रद्द कर दिया गया है, जिसके बाद कांग्रेस ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस का आरोप: प्रशासन ने नहीं दी अनुमति
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी 23 अप्रैल को कोलकाता में चुनाव प्रचार के लिए आने वाले थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। पार्टी का आरोप है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के दबाव में पुलिस और प्रशासन ने रैली की इजाजत नहीं दी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे शाम 6 बजे तक अनुमति का इंतजार करते रहे, लेकिन मंजूरी न मिलने के चलते आयोजन की तैयारियां पूरी करना संभव नहीं हो पाया।
नई तारीख के लिए फिर मांगी जाएगी इजाजत
कांग्रेस सूत्रों का यह भी कहना है कि राहुल गांधी अभी भी कोलकाता में प्रचार करने के इच्छुक हैं। पार्टी जल्द ही 25 या 26 अप्रैल के लिए प्रशासन से दोबारा अनुमति मांगेगी, ताकि रैली आयोजित की जा सके और चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया जा सके।
बंगाल में दो चरणों में मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। राज्य में चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है और सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।