भाभी की साड़ी, मां के गहने और आश्रम में शादी… टीवी की इस मशहूर अभिनेत्री ने सुनाया भावुक किस्सा, शादी के 5वें दिन छोड़ना चाहती थीं ससुराल
मुंबई: टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘कहानी घर-घर की’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री टीना पारेख एक बार फिर चर्चा में हैं। अपनी शादी की 20वीं सालगिरह के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी शादी से जुड़े कई अनसुने किस्से बताए। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि उन्होंने शादी में कोई भव्य आयोजन नहीं किया था, बल्कि भाभी की साड़ी और परिवार की महिलाओं के आशीर्वाद स्वरूप मिले गहने पहनकर दुल्हन बनी थीं।
भाभी की पुरानी साड़ी पहनकर बनी थीं दुल्हन
टीना पारेख ने अपने पोस्ट में बताया कि शादी के समय उन्होंने अपनी भाभी की अलमारी से निकाली गई साधारण मरून साड़ी पहनी थी। उनका कहना था कि वह अपने जीवन के इस नए सफर की शुरुआत परिवार की उन महिलाओं के आशीर्वाद के साथ करना चाहती थीं, जो उनके सबसे करीब थीं। इसी सोच के साथ उन्होंने अपना पूरा दुल्हन का श्रृंगार परिवार की यादों और भावनाओं से जोड़ा।
दादी की चूड़ियां और मां के गहनों से पूरा हुआ ब्राइडल लुक
अभिनेत्री ने बताया कि बचपन में उन्हें अपनी दादी की सोने की चूड़ियां बहुत पसंद थीं। दादी ने अपने निधन से पहले परिवार से कहा था कि वे चूड़ियां टीना को ही दी जाएं। शादी के दिन उन्होंने वही चूड़ियां पहनीं। इसके अलावा उनकी मां ने उन्हें शादी के गहने दिए, जबकि नानी और मामी ने सभी पारंपरिक रस्में निभाईं और उनके लिए चुनरी लेकर आईं।
टीना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनका ब्राइडल लुक “कुछ उधार लिया हुआ और कुछ आशीर्वाद में मिला हुआ” था, जो उनके लिए किसी भी महंगे परिधान से अधिक खास था।
आश्रम में बेहद सादगी से की थी शादी
टीना पारेख ने वर्ष 2007 में संगीतकार विक्रम हजरा से विवाह किया था। उन्होंने किसी आलीशान होटल या डेस्टिनेशन वेडिंग की बजाय श्री श्री रविशंकर के आश्रम में बेहद सादगी के साथ सात फेरे लिए। उनकी यह शादी उस समय भी अपनी सादगी को लेकर चर्चा में रही थी।
शादी के पांचवें दिन लौटना चाहती थीं मायके
अभिनेत्री ने इससे पहले दिए एक साक्षात्कार में बताया था कि शादी के शुरुआती दिनों में उन्हें मानसिक रूप से काफी कठिन दौर से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा था कि पति विक्रम हजरा के परिवार के कुछ सदस्य शुरुआत में इस विवाह से खुश नहीं थे, जिससे वह बेहद परेशान हो गई थीं।
टीना के मुताबिक, हालात इतने मुश्किल हो गए थे कि शादी के केवल पांचवें दिन उन्होंने अपने पति से साफ कह दिया था कि वह ससुराल छोड़कर अपने मायके लौटना चाहती हैं। बाद में समय के साथ परिस्थितियां सामान्य हुईं और उनका वैवाहिक जीवन आगे बढ़ा।