महिलाओं के लिए खास पहल: गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में 17 अक्टूबर को लगेगा स्पेशल पिंक समाधान दिवस

0 42

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत 17 अक्टूबर को जिले की तीनों तहसीलों में स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

महिलाओं के लिए अलग हेल्प डेस्क की होगी व्यवस्था

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले इस विशेष समाधान दिवस का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याएं रखने के लिए आसान और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही उन्हें सरकार की ओर से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्पेशल पिंक समाधान दिवस के दौरान महिलाओं की सहायता के लिए विशेष पिंक हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। यहां महिलाएं अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगी, जिनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारों और आत्मनिर्भरता को लेकर किया जाएगा जागरूक

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्पेशल पिंक समाधान दिवस इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

समाधान दिवस में लगेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें महिलाएं अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच कराकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिले की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे 17 अक्टूबर को अपनी संबंधित तहसील में आयोजित स्पेशल पिंक समाधान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। महिलाएं अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखकर उनका समाधान करा सकती हैं और स्वास्थ्य जांच शिविर का भी लाभ ले सकती हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.