सिवान में छात्रों के प्रदर्शन ने लिया हिंसक मोड़! SP समेत 30 पुलिसकर्मी घायल, हवाई फायरिंग के बाद इंटरनेट बंद

0 22

सिवान: बिहार में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर शनिवार को कई जिलों में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली, लेकिन सबसे अधिक हिंसा सिवान में हुई। गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में सिवान के एसपी पूरण कुमार झा, दो डीएसपी समेत 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस को लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ने और हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। प्रशासन ने एहतियातन जिले में शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।

बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हुआ प्रदर्शन

छात्रों की मांग पूरी होने के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिन से चल रहा प्रदर्शन समाप्त हो चुका है, लेकिन बिहार में इसे लेकर विरोध जारी है। पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वामपंथी संगठनों ने बिहार बंद का आह्वान किया था। इस दौरान सिवान के अलावा पटना, छपरा, औरंगाबाद, सासाराम, भागलपुर, पूर्णिया और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में प्रदर्शन हुए। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और वाहनों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।

सिवान में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर हुई झड़प

सिवान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद स्थिति हिंसक हो गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिस पर पथराव के साथ लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसा में एसपी पूरण कुमार झा, दो डीएसपी और कुल 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग

उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के करीब 10 गोले दागे। जब इससे भी स्थिति सामान्य नहीं हुई तो लाठीचार्ज किया गया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे, जिसके बाद पुलिस ने 6 से 8 राउंड हवाई फायरिंग की। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के आरोप लगाए गए, जिस पर सिवान पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि पुलिस फायरिंग में किसी की मौत नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार कुछ लोग घायल हुए हैं, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और हवाई फायरिंग की गई।

हिंसा में कई प्रदर्शनकारी भी घायल, पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। हिंसा के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है, ताकि उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद

कई घंटे तक चले तनाव और हिंसक झड़पों के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण का दावा किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सिवान जिले में रविवार शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.