असद के एनकाउंटर पर फूटा सूर्या की मां का गुस्सा, बोलीं- सभी 7 आरोपियों का हो एनकाउंटर, घरों पर चले बुलडोजर
गाजियाबाद: खोड़ा इलाके में हुए सूर्या मर्डर केस में मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद पीड़ित परिवार की प्रतिक्रिया सामने आई है। सूर्या की मां सरोज ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें सुकून तभी मिलेगा जब सभी आरोपियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई होगी।
“असद की तस्वीर देखने के बाद मिलेगी तसल्ली”
सूर्या की मां सरोज ने कहा कि उन्हें असद के एनकाउंटर की जानकारी मिली है, लेकिन वे उसकी तस्वीर देखने के बाद ही पूरी तरह संतुष्ट होंगी। उन्होंने कहा कि बेटे की हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है और सिर्फ एक नहीं, सभी आरोपियों को इसी तरह की सजा मिलनी चाहिए।
सभी आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
इमोशनल होते हुए सरोज ने कहा कि उनके बेटे को सात लोगों ने मिलकर बेरहमी से मारा था। किसी ने उसका हाथ पकड़ा तो किसी ने पैर। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एनकाउंटर में फायरिंग, कांस्टेबल भी घायल
पुलिस के मुताबिक, असद को सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ा गया था। सरेंडर करने के लिए कहने पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 10 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया।
बकरीद के दिन हुई थी हत्या की वारदात
गौरतलब है कि बकरीद के दिन पुरानी रंजिश के चलते असद और उसके साथियों ने सूर्या पर चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था और लोग लगातार सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में पहले ही कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में शामिल सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।