देशभर में चढ़ा पारा, 11 राज्यों में लू का अलर्ट; दिल्ली-यूपी-बिहार में 40°C के करीब तापमान, कई इलाकों में बारिश की संभावना
देश में गर्मी ने तेज़ रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश और बिहार में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने लगा है, जबकि कई राज्यों में लू जैसे हालात बन गए हैं। विभाग ने अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की चेतावनी दी है।
इन राज्यों में तेज गर्मी का असर, कई जगह 43°C पार
पिछले 24 घंटों के दौरान विदर्भ, मराठवाड़ा और ओडिशा में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं गुजरात, तेलंगाना, रायलसीमा, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी पारा 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। महाराष्ट्र के अकोला में सबसे अधिक 43.8°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 13°C रिकॉर्ड हुआ।
तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 18 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं मध्य भारत में 2 से 4 डिग्री और पूर्वोत्तर राज्यों—नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में भी 2 से 4 डिग्री तक तापमान बढ़ने का अनुमान है।
11 राज्यों में लू की चेतावनी जारी
15 से 19 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिमी राजस्थान, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, उत्तरी कर्नाटक, गुजरात के तटीय इलाके, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज़ गर्म हवाएं चलने और तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी तपिश
दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। आज यहां अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक हो सकता है। न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। दोपहर के समय करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं।
इन इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
जहां एक ओर देश के बड़े हिस्से में गर्मी बढ़ रही है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में राहत के संकेत हैं। अगले 24 घंटों में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 15 से 18 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।