17 जुलाई को दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जींद से पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी; सभी स्टेशनों पर ट्रायल पूरा

0 20

जींद: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन 17 जुलाई से अपनी यात्रा शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को सुबह 9 बजे हरियाणा के जींद रेलवे जंक्शन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री राज्य की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

जींद में जनसभा को भी करेंगे संबोधित

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री जींद में नए बस स्टैंड के सामने आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जिन जिलों से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होना है, वहां भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्य सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे। जींद के बाद प्रधानमंत्री के चंडीगढ़ और पंजाब में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का दावा

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 10 कोच वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन देश की पहली और दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन होगी। पर्यावरण के अनुकूल इस ट्रेन से कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा और इसके संचालन के दौरान केवल भाप और पानी ही निकलेगा।

कई विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान अंबाला से काला आंब (हिमाचल प्रदेश) तक बने फोरलेन हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा भिवानी और नारनौल में बने मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन भी करेंगे। वहीं, कुरुक्षेत्र में 127 एकड़ में बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी जाएगी और तैयार हो चुके एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किया जाएगा।

रैली की तैयारियां तेज

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर बैठकें आयोजित की गई हैं। रैली के संयोजक राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया को बनाया गया है। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

ग्रीन एनर्जी का संदेश देंगे कार्यकर्ता

प्रदेशाध्यक्ष के अनुसार, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पैदल, साइकिल और ई-स्कूटी से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। रैली में मुख्य रूप से जींद जिले के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.