UPITS 2026 में दिखा हुनर का जादू! ‘आओ करके सीखें’ थीम ने खींचा दर्शकों का ध्यान, 16 कौशलों के लाइव डेमो ने बनाया खास आकर्षण

0 27

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश की कला, कौशल और कारीगरी को वैश्विक मंच देने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के पवेलियन में हुनर की खास झलक देखने को मिली। ‘आओ करके सीखें’ थीम पर तैयार पवेलियन में दर्शकों ने न सिर्फ अलग-अलग कौशलों के लाइव प्रदर्शन देखे, बल्कि खुद हाथ आजमाकर उन्हें सीखने का अनुभव भी लिया। पवेलियन में 16 कौशलों के लाइव प्रदर्शन और इंटरैक्टिव गतिविधियां शामिल की गई हैं।

पॉटरी से चिकनकारी तक, हर स्टॉल पर सीखने का मौका

UPSDM पवेलियन में विभिन्न कौशलों के लाइव डेमो दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। पारंपरिक कारीगरी से लेकर आधुनिक कौशल तक, अलग-अलग स्टॉल पर लोगों को कुछ नया देखने और सीखने का अवसर मिला।

पॉटरी और टेराकोटा स्टॉल पर दर्शकों ने मिट्टी को आकार देकर कलाकृतियां बनाने की कोशिश की। वहीं चिकनकारी स्टॉल पर विजिटर्स ने सूई-धागे के जरिए बारीक कारीगरी को समझने और खुद आजमाने का प्रयास किया।

‘देखिए, समझिए और खुद करके सीखिए’ बना आकर्षण

पवेलियन की खासियत यह रही कि यहां कौशल का केवल प्रदर्शन नहीं किया गया, बल्कि दर्शकों को उसे खुद करके सीखने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। ‘देखिए, समझिए और खुद करके सीखिए’ की थीम के तहत अलग-अलग गतिविधियों में लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।

DIY गतिविधियों ने इस अनुभव को और रोचक बनाया। बड़ी संख्या में दर्शक विभिन्न स्टॉल पर पहुंचे और अपनी पसंद के कला एवं कौशल में खुद हाथ आजमाया।

‘स्किल मंच’ पर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

UPITS 2026 के दूसरे दिन ‘स्किल मंच’ भी युवाओं की प्रतिभा का प्रमुख केंद्र बना रहा। युवाओं ने गायकी से लेकर फाइन आर्ट्स तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘हुनर’ थीम के तहत कलाकारों ने रंगों के जरिए मंच पर अपनी रचनात्मक कल्पना को आकार दिया।

पहली बार शुरू किए गए इस मंच का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ कौशल, करियर और रचनात्मकता से जोड़ना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.