गौतमबुद्धनगर में 32 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, प्रशासन ने कसी कमर; नकल रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी सख्त नजर

0 27

गौतमबुद्धनगर: जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (PET) आगामी 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जनपद में 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने संबंधित अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय पर जोर

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि किसी भी परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका होती है। इसलिए दोनों विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय से अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पहुंचें और सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ पालन करें।

परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं और सीसीटीवी की होगी जांच

बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से काम कर रहे हों। यदि किसी केंद्र पर कोई सुविधा अधूरी है या कैमरे काम नहीं कर रहे हैं, तो उन्हें परीक्षा से पहले तत्काल दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जाए।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी विशेष निगरानी

नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश न कर सके। प्रशासन का उद्देश्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया गया।

इस बैठक में डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार, डॉ. पूर्वा शर्मा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल सहित सभी संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.