यूपी में आंधी-तूफान ने बरपाया कहर, 20 की मौत, कई बिल्डिगों की दीवारें गिरीं, जड़ से उखड़े पेड़

0 19

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार रात आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं, बारिश और धूल भरी आंधी के चलते अलग-अलग हादसों में अब तक 20 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। फतेहपुर, भदोही और बदायूं समेत कई जिलों में मकानों की दीवारें गिर गईं, पेड़ जड़ से उखड़ गए और बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई।

प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, जबकि पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फतेहपुर में सबसे ज्यादा तबाही, 9 लोगों की मौत

फतेहपुर जिले में तेज आंधी और तूफान ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। कई इलाकों में भवनों और मकानों की दीवारें गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। अचानक आए तूफान के कारण लोग संभल भी नहीं पाए और कई परिवार इसकी चपेट में आ गए।

जिले में कई स्थानों पर भारी नुकसान की सूचना के बाद प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।

भदोही में तूफान बना जानलेवा, 6 लोगों की गई जान

भदोही में बुधवार को भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में बिजली के खंभे उखड़ गए और पेड़ घरों पर गिर पड़े, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

अपर जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि जिले के कई हिस्सों से पेड़ गिरने और बिजली व्यवस्था ठप होने की खबरें मिली हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने के कारण राहत और बचाव कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं।

मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक जिले की तीनों तहसीलों में उप-जिलाधिकारी, तहसीलदार और पुलिस टीमें लगातार निरीक्षण और राहत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई इलाकों से अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

अपर जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद ही घायलों और मृतकों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

बदायूं में दीवार गिरने से दो बच्चियों समेत 5 की मौत

बदायूं जिले में भी धूल भरी आंधी और बारिश के चलते अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। बिसौली थाना क्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो नाबालिग लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक बच्चियों की पहचान मौसमी (10) और रजनी (9) के रूप में हुई है। बताया गया कि तेज हवाओं के दौरान दोनों लड़कियां कल्लो और नेहा नाम की महिलाओं के साथ वहां शरण लेने पहुंची थीं। इसी दौरान दीवार भरभराकर गिर गई और चारों लोग मलबे के नीचे दब गए।

अधिकारियों के मुताबिक दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.