देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का इंतजार खत्म! आज से आम यात्रियों के लिए दौड़ेगी, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

0 22

सोनीपत/जींद: भारत रेलवे के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुक्रवार, 17 जुलाई से नियमित रूप से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह ट्रेन सोनीपत-जींद रेलखंड पर चलेगी और पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन की दिशा में देश की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

14 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन, अधिकतम किराया सिर्फ 25 रुपये

हाइड्रोजन ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच कुल 89 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान यह 14 स्टेशनों पर रुकेगी। आम यात्रियों के लिए अधिकतम किराया सिर्फ 25 रुपये रखा गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उद्घाटन यात्रा में ट्रेन की दो बोगियां रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों और विशेष अतिथियों के लिए आरक्षित रहेंगी। बाकी डिब्बों में पांच अलग-अलग स्टेशनों से कुल 1000 विद्यार्थियों को यात्रा कराई जाएगी।

रोजाना चलेगी सेवा, सप्ताह में छह दिन होगा संचालन

नियमित संचालन के तहत ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में सुबह 10:30 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और इसकी अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।

इन 14 स्टेशनों पर होगा ठहराव

जींद जंक्शन, जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना, बड़वासनी और सोनीपत जंक्शन पर ट्रेन का ठहराव होगा। वापसी में भी यही स्टेशन शामिल रहेंगे।

सोनीपत से जींद तक इतना रहेगा किराया

सोनीपत से बड़वासनी, मोहाना, लाठ, रभड़ा और गोहाना तक यात्रा के लिए 10 रुपये किराया देना होगा। खंदराई और बुटाना तक 15 रुपये, जबकि ईशापुर खेड़ी, भंभेवा और ललित खेड़ा तक 20 रुपये का किराया निर्धारित किया गया है। पांडु पिंडारा, जींद सिटी और जींद जंक्शन तक यात्रा के लिए अधिकतम 25 रुपये चुकाने होंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सोनीपत पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र में अस्थायी रूप से ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उद्घाटन समारोह के दौरान रेलवे और प्रशासन की टीमें पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.